Dhanbad: जिले के वासेपुर आरा मोड़ के पास शनिवार देर रात अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग सबसे पहले फल और ड्राईफ्रूट की दुकान में लगी और देखते ही देखते बगल की एक अन्य दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में दोनों दुकानों में रखा फल, ड्राईफ्रूट और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया।
दुकानदार के मुताबिक, इस घटना में पांच लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने दुकानदार और दमकल विभाग को जानकारी दी।
बंद दुकान में अचानक उठने लगीं आग की लपटें
जानकारी के अनुसार, वासेपुर आरा मोड़ स्थित वसीम फल वाला की दुकान शनिवार देर रात बंद थी। इसी दौरान दुकान से अचानक आग की लपटें उठती दिखाई दीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास की दूसरी दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और तत्काल इसकी सूचना दमकल विभाग को दी गई।
दमकल की गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद पाया काबू
सूचना मिलने के बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दोनों दुकानों में रखा अधिकांश सामान जल चुका था। अग्निकांड के बाद दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा है। घटना के बाद दोनों दुकानदारों के चेहरे पर मायूसी साफ नजर आई।
Dhanbad: शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, घटना की विस्तृत जांच के बाद ही आग लगने के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जानकारी जुटा रहे हैं।
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।








