जमशेदपुर: टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क (TSZP) में बाघिन सुनैना के तीन शावकों के नामकरण की तैयारी चल रही है। जू प्रबंधन ने लोगों से तीनों शावकों के लिए नाम सुझाने की अपील की है। खास बात यह है कि इन शावकों में दो मादा और एक नर शामिल हैं। लोगों को नाम भेजने के लिए 19 अक्टूबर 2026 तक का समय दिया गया है।
जू प्रबंधन के अनुसार, बाघिन सुनैना ने 23 सितंबर की सुबह तीन शावकों को जन्म दिया था। इन शावकों के पिता रुद्र हैं, जिन्हें महाराष्ट्र के नागपुर स्थित गोरेवाड़ा रेस्क्यू सेंटर से लाया गया था।
एक शावक को लगी थी चोट, डॉक्टरों की निगरानी में इलाज
तीन शावकों में से एक मादा शावक को जन्म के बाद चोट लग गई थी। बताया गया कि पहली बार मां बनी सुनैना से अनजाने में यह चोट लगी। इसके बाद जू की पशु चिकित्सकों की टीम ने तत्काल उसका उपचार किया और घाव पर टांके लगाए।
जू प्रबंधन के मुताबिक, घायल शावक की हालत में सुधार हो रहा है। उसका वजन फिलहाल लगभग 1.8 किलोग्राम है और उसे डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में रखा गया है।
वहीं, बाकी दोनों शावक स्वस्थ हैं। जू के निदेशक नईम अख्तर के अनुसार, नर शावक का वजन लगभग 2.9 किलोग्राम और दूसरी मादा शावक का वजन करीब 2.53 किलोग्राम है।
तीनों शावकों की सेहत पर रखी जा रही नजर
टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क प्रबंधन तीनों शावकों की सेहत और सुरक्षा को लेकर जरूरी सावधानियां बरत रहा है। घायल शावक की नियमित निगरानी की जा रही है, जबकि अन्य दोनों शावकों के स्वास्थ्य पर भी नजर रखी जा रही है।
जू में तीन नए बाघ शावकों के जन्म से वन्यजीव प्रेमियों के बीच उत्सुकता है। इसी बीच प्रबंधन ने आम लोगों को भी इस खास पहल से जोड़ने के लिए नाम सुझाने का मौका दिया है।
19 अक्टूबर तक WhatsApp या मैसेज से भेजें नाम
जू प्रबंधन ने लोगों से अपील की है कि वे तीनों शावकों के लिए नाम सुझाएं। प्रत्येक शावक के लिए एक नाम, यानी कुल तीन नाम भेजने होंगे।
इच्छुक लोग अपने सुझाव WhatsApp या मैसेज के माध्यम से +91 9438291637 पर भेज सकते हैं। नाम भेजने की अंतिम तारीख 19 अक्टूबर 2026 तय की गई है।
अब देखना होगा कि लोगों की ओर से कौन-कौन से नाम सुझाए जाते हैं और इन नन्हे बाघों को आखिरकार क्या नाम मिलते हैं।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








