Dhanbad: झरिया के कतरास कॉलेज के समीप फोरलेन पर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक ट्रेलर की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और राजगंज – महुदा मुख्य मार्ग (राष्ट्रीय राजमार्ग) को पूरी तरह से जाम कर आवागमन बाधित कर दिया। मृतक की पहचान भटमुरना निवासी संजय गुप्ता के होनहार पुत्र सागर गुप्ता के रूप में हुई है।
Read More: Ranchi में बेकाबू थार का आतंक! चेकिंग के दौरान पुलिस चालक को रौंदकर आरोपी फरार
अपने घर आ रहा था सागर
जानकारी के अनुसार सागर अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर भगत सिंह चौक की दिशा से अपने घर आ रहा था। इसी दौरान कतरास कॉलेज के समीप ट्रेलर ने अपने चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद सागर अपनी बाइक से बुरी तरह असंतुलित हो गया और सीधे ट्रेलर के भारी-भरकम चक्कों के नीचे आ गया। इस खौफनाक हादसे में युवक को संभलने का कोई मौका नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इधर घटना की खबर फैली और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। युवक की मौत से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने तुरंत सड़क जाम कर दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
सूचना पाकर मृतक के परिजन भी बदहवास हालत में घटनास्थल पर पहुंच गए। जवान बेटे के शव को देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस मार्मिक दृश्य ने वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। सड़क जाम और तनावपूर्ण स्थिति की सूचना मिलते ही कतरास थाना की पुलिस पूरे दल-बल के साथ फौरन घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस प्रशासन की टीम आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने और उन्हें शांत कर जाम हटाने की लगातार मशक्कत कर रही है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक स्थिति जस की तस बनी हुई है और लोग न्याय की मांग को लेकर सड़क पर डटे हुए हैं। इस बीच, त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रेलर को अपने कब्जे में ले लिया है और उसके चालक को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच शुरू कर दी है।








