Ranchi: राजधानी रांची के हरमू इलाके में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर कालिख पोतने, उसे अपवित्र करने और अभद्र टिप्पणी लिखने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर झारखंड भाजपा ने आपत्ति जताते हुए अरगोड़ा थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पार्टी ने आरोपियों की पहचान कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, महामंत्री गणेश मिश्रा और विधायक नवीन जायसवाल के नेतृत्व में थाने पहुंचकर शिकायत दी। प्राथमिकी भाजपा के हरमू मंडल अध्यक्ष इंद्रजीत यादव की ओर से दर्ज कराई गई है।
मौके पर दीपक प्रकाश ने कहा कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी भारतीय जनता पार्टी के सैद्धान्तिक अधिष्ठान के प्रणेता एवं जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष और भाजपा के विचारधारा के प्रमुख व्यक्तित्वों में से एक थे।उनकी प्रतिमा को अपमानित करने के उद्देश्य से कालिख पोतने एवं उसे क्षतिग्रस्त करने के कुत्सित प्रयास से हम सभी भाजपा के कार्यकर्ताओं को अत्यंत पीड़ा, दुःख एवं आघात पहुंचा है।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी महापुरुष नहीं हमारे पुरोधा और प्रेरणापुंज हैं
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी हमारे लिए केवल एक महापुरुष नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले हमारे पुरोधा और प्रेरणापुंज हैं। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्रहित में लगाया और जम्मू-कश्मीर की एकता एवं अखंडता के लिए संघर्ष करते हुए अपना बलिदान दिया। ऐसे महान राष्ट्रनायक की प्रतिमा के साथ इस प्रकार का घृणित एवं अपमानजनक कृत्य किया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं गंभीर विषय है।
उन्होंने आरोप लगाया कि असामाजिक तत्वों ने जानबूझकर प्रतिमा को अपवित्र करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया जा सकता है, लेकिन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों को नहीं मिटाया जा सकता।
हेमन्त सोरेन की सरकार के शासनकाल में गुंडों हौसले बुलंद
उन्होंने कहा कि देश के कोई भी महापुरुष हों, किसी भी जाति, धर्म और वर्ग के हों, उनकी प्रतिमाएँ देश के प्रति उनके योगदान, राष्ट्रभक्ति, त्याग, तपस्या, राष्ट्रीय चेतना और गौरव का प्रतीक होता है। उनकी प्रतिमा के प्रति घृणा प्रदर्शित करना, इसे क्षतिग्रस्त करना या अपमानित करना सभ्य समाज की पहचान नहीं हो सकती है। इसकी जितनी भी निंदा की जाए कम है।
उन्होंने राज्य सरकार की कानून व्यवस्था को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि हेमन्त सोरेन की सरकार के शासनकाल में गुंडों, बदमाशों, चोर उचक्कों, असामाजिक एवं राष्ट्रविरोधी तत्वों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे देश के महापुरुषों को अपमानित करने की हिम्मत कर रहे हैं। उन्होंने सरकार एवं पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि इस सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने तथा घिनौनी हरकत करने वालों की पहचान कर उन्हें अविलम्ब गिरफ्तार करे और उन पर कठोर कानूनी कार्रवाई करें वरना भाजपा इस कुकृत्य के खिलाफ सड़कों पर उतर कर आंदोलन करेगी एवं सरकार की ईंट से ईंट बजा देगी।
इस मामले को लेकर भाजपा के हरमू मंडल अध्यक्ष इंद्रजीत यादव द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। भाजपा द्वारा भारतीय न्याय संहिता की धारा 324/298/196 /352/356 एवं प्रिवेंशन ऑफ इन्सल्ट टू नेशनल ऑनर एक्ट 1971 के प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित एवं निष्पक्ष अनुसंधान करते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क एवं उनकी प्रतिमा की समुचित सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









