Ranchi : झारखंड के चर्चित शराब घोटाले की जांच एक बार फिर तेज हो गई है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक और पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव तथा उनके बेटे रोहित उरांव को पूछताछ के लिए समन जारी किया है। दोनों से रांची स्थित ईडी कार्यालय में अलग-अलग दिनों में पूछताछ होगी।
रोहित उरांव के घर से 30 लाख रुपये नकद बरामद
ईडी इससे पहले अगस्त 2023 में कई जिलों में एक साथ छापेमारी कर चुकी है। उस दौरान रोहित उरांव के घर से 30 लाख रुपये नकद बरामद हुए थे। जांच एजेंसी का दावा है कि रोहित उरांव ने राज्य के बड़े शराब कारोबारियों और सिंडिकेट से जुड़े लोगों के साथ मिलकर शराब कारोबार में निवेश किया था। अब ईडी बैंक खातों, वित्तीय दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पैसों के लेनदेन की जांच करेगी।
जांच एजेंसियों के अनुसार, झारखंड की नई आबकारी नीति-2022 लागू होने के दौरान छत्तीसगढ़ की कुछ कंपनियों को कथित तौर पर फायदा पहुंचाया गया। आरोप है कि टेंडर प्रक्रिया में बदलाव कर इन कंपनियों को शराब सप्लाई और मैनपावर का काम दिया गया। ईडी यह भी जांच कर रही है कि क्या इस पूरी प्रक्रिया में किसी तरह का राजनीतिक या विभागीय प्रभाव डाला गया था।
शराब घोटाले मामले में 18 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है
इस मामले में एसीबी पहले ही 18 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, हालांकि समय पर चार्जशीट दाखिल नहीं होने के कारण सभी को डिफॉल्ट बेल मिल गई। अब ईडी की पूछताछ से मामले में नए खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। यदि जांच में वित्तीय लेनदेन और कथित साझेदारी के ठोस सबूत मिलते हैं, तो इस बहुचर्चित शराब घोटाले में आगे और बड़ी कार्रवाई हो सकती है।









