Ranchi: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) में सुधार की मांग कर रहे छात्रों के खिलाफ रांची पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच के खिलाफ कोतवाली थाना में तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। कुल 14 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है, जबकि कई अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।
कुणाल प्रताप, पीयूष, रविंद्र पासवान और चंडी तिवारी नामजद आरोपी
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच के बैनर तले छात्रों ने अल्बर्ट एक्का चौक के पास मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने का कार्यक्रम आयोजित किया था। पुतला जलाने के प्रयास के दौरान पुलिस और आंदोलनकारी छात्रों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की हुई।
एफआईआर में अंकिता वर्मा, शाहबाज और ड्यूटी पर तैनात मजिस्ट्रेट को शिकायतकर्ता बनाया गया है। नामजद आरोपियों में कुणाल प्रताप, पीयूष, रविंद्र पासवान और चंडी तिवारी समेत अन्य के नाम शामिल हैं। पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस के साथ उलझने के आरोप लगाए हैं।
पुलिस कार्रवाई के बाद छात्र संगठनों में नाराजगी
पुलिस कार्रवाई के बाद छात्र संगठनों में नाराजगी है। रिफॉर्म मंच के सदस्यों का कहना है कि वे परीक्षाओं और रोजगार से जुड़े मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे। उनका आरोप है कि पुलिस ने बल प्रयोग कर आंदोलन दबाने की कोशिश की।
छात्र नेताओं ने कहा है कि मुकदमों से आंदोलन प्रभावित नहीं होगा और आयोगों में सुधार तथा रोजगार के मुद्दे पर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









