रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस को आज बड़ा संबल मिला जब राज्य के पूर्व प्रशासनिक सेवा के अधिकारी और सेवानिवृत्त अपर सचिव अवध नारायण प्रसाद ने दर्जनों समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इसी कार्यक्रम में नेतरहाट स्कूल के पूर्व प्राचार्य डॉ. प्रसाद पासवान को नेशनल एजुकेशन कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने किया स्वागत
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कृषि मार्केटिंग बोर्ड अध्यक्ष रवींद्र सिंह, कांग्रेस मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुंजनी समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने नवप्रवेशियों का स्वागत किया और पार्टी का पट्टा एवं माला पहनाकर सदस्यता दिलाई। प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा, डॉ. पासवान शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय हैं। उनका अनुभव संगठन को नई ऊर्जा देगा। वहीं कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा, कांग्रेस हमेशा जनता की आवाज रही है। डॉ. पासवान और अवध नारायण प्रसाद जैसे समर्पित लोगों के जुड़ने से हमारी ताकत बढ़ेगी।
जमीनी स्तर पर पार्टी को मिलेगी नई मजबूती
पार्टी में शामिल होने वालों में मुख्य रूप से लालन कुमार पासवान, ओम पासवान, तारकेश्वर, प्रो. शेखर मल्लिक, ब्रजकिशोर राय, बृजकिशोर बड़ाईक, रीता पासवान, नवल किशोर पासवान, दीपक कुमार, मुकेश कुमार, प्रो. प्रदीप कुमार एवं प्रो. दिनेश पासवान सहित कई प्रमुख नाम शामिल हैं। इस शामिली से झारखंड में कांग्रेस को न केवल शैक्षणिक और प्रशासनिक अनुभव का लाभ मिलेगा, बल्कि जमीनी स्तर पर पार्टी को नई मजबूती और दिशा भी मिलेगी।











