झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी “रजेया नदी पर मुख्यमंत्री सौर ऊर्जा चालित उद्धह सिंचाई योजना” का बुधवार को Jamtara प्रखंड के सिलदाहा गांव में भव्य शिलान्यास किया गया। स्वास्थ्य मंत्री सह जामताड़ा विधायक Irfan Ansari ने इस ऐतिहासिक योजना की शुरुआत करते हुए इसे किसानों के भविष्य को बदलने वाली योजना बताया।
शिलान्यास कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। योजना के तहत रजेया नदी से पानी को सौर ऊर्जा आधारित तकनीक से लिफ्ट कर सीधे खेतों तक पहुंचाया जाएगा, जिससे सैकड़ों एकड़ भूमि सिंचित होगी और किसानों को सालभर खेती करने का अवसर मिलेगा।
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि यह योजना सिर्फ सिंचाई परियोजना नहीं, बल्कि किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान ग्रामीणों ने सिंचाई की समस्या उनके सामने रखी थी और उन्होंने किसानों से वादा किया था कि नदी का पानी खेतों तक पहुंचाया जाएगा। अब वह वादा पूरा हो रहा है।
उन्होंने कहा,
“किसान मजबूत होगा तो समाज मजबूत होगा। हमारी सरकार किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। यह योजना आने वाले समय में किसानों के लिए लाइफ लाइन साबित होगी।”
डॉ. इरफान अंसारी ने अपने संबोधन में क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद रजेया नदी पर बड़े पुल का निर्माण कराया गया, जिससे हजारों ग्रामीणों को लाभ मिला। अब सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल और कॉलेज समेत हर क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं।
इस योजना से धान, सब्जी और अन्य फसलों की खेती को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही किसानों का बिजली खर्च भी बचेगा, क्योंकि पूरी योजना सौर ऊर्जा आधारित होगी। ग्रामीणों का मानना है कि यह परियोजना जामताड़ा के किसानों की तस्वीर और तकदीर बदल सकती है।







