Dhanbad: धनबाद जिले के निरसा अनुमंडल अंतर्गत गांगपुर गांव में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जमीन विवाद में एक बड़े भाई ने मंझले भाई की हत्या कर दी। हत्या साबल से सिर पर वार कर की गई। मृतक की पहचान प्रशांत माजी के रूप में हुई है, जबकि हत्या का आरोप उसके बड़े भाई हरमन उर्फ हरमू माजी पर लगा है।
घटना का विवरण
स्थानीय ग्रामीण अमर दास और दिनबंधु मंडल के अनुसार, तीन भाई—हरमन, प्रशांत और सुशांतो—हैं। पिता के देहांत के बाद बड़े और मंझले भाई अलग-अलग घरों में रहकर जीवन यापन कर रहे थे, जबकि छोटा भाई बाहर नौकरी करता है।
प्रशांत माजी अपने पैतृक जमीन पर एक कमरा बनाकर उसमें मुर्गा दुकान चला रहा था, जिस पर बड़े भाई हरमन की नजर थी। जमीन को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। शुक्रवार सुबह दुकान के पास दोनों भाइयों में कहासुनी हुई, और इसी दौरान हरमन ने साबल से प्रशांत के सिर पर हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी हरमन माजी झाड़ियों में साबल फेंक कर फरार हो गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही एमपीएल ओपी प्रभारी सुमन कुमारी, निरसा एसडीपीओ रजत मानिक बाखला, एवं निरसा थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए SNMMCH, धनबाद भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है।
साबल बरामद कर ली गई है, और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। एसडीपीओ रजत मानिक बाखला ने भरोसा दिलाया कि आरोपी जल्द ही गिरफ्त में होगा।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक की पत्नी पूजा माजी ने प्रशासन से आरोपी जेठ को फांसी की सजा देने की मांग की है। प्रशांत माजी अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। गांव में घटना के बाद गमगीन माहौल है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis












