Ranchi: झारखंड सरकार के कल्याण विभाग की योजनाओं को रफ्तार देने के लिए मंत्री चमरा लिंडा ने एक हाई-लेवल समीक्षा बैठक की। इस बैठक में छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण और रोजगार योजनाओं को लेकर कई कड़े और महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिससे राज्य के लाखों छात्र-छात्राओं और युवाओं को सीधा फायदा मिलने वाला है।
दिसंबर से पहले मिलेगी स्कॉलरशिप: मंत्री का सख्त निर्देश
मंत्री चमरा लिंडा ने छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कड़ा निर्देश दिया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति (Scholarship) का भुगतान हर हाल में दिसंबर महीने से पहले पूरा कर लिया जाए।
बैठक में आदिवासी कल्याण आयुक्त ने बताया कि इसके लिए ई-कल्याण पोर्टल 15 मई से ही लाइव कर दिया गया है। मंत्री ने इस पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए एक मजबूत मैकेनिज्म तैयार करने को कहा है।
एक महीने में बंटेगी 50% साइकिलें, रोजगार योजना का बदलेगा स्वरूप
स्कूलों में बच्चों के ड्रॉपआउट रेट को कम करने के लिए मंत्री ने साइकिल वितरण योजना में तेजी लाने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्य की कम से कम 50 फीसदी साइकिलों का वितरण अगले एक महीने के भीतर सुनिश्चित हो।
वहीं, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना को लेकर मंत्री ने कहा कि इसे और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नए सिरे से रूपरेखा तैयार की जाए और दोबारा आवेदन मांगे जाएं, ताकि राज्य के अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार (Self-Employment) से जोड़ा जा सके। बैठक में विभाग के सचिव, विशेष सचिव और आदिवासी कल्याण आयुक्त समेत कई बड़े अधिकारी मौजूद थे।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








