प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 22 मई को रांची रेल मंडल के गोविंदपुर रोड स्टेशन का ऑनलाइन उद्घाटन करेंगे. यह स्टेशन अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत आधुनिक रूप से विकसित किया गया है. इस योजना की शुरुआत प्रधानमंत्री मोदी ने फरवरी 2024 में की थी.
रांची रेल मंडल की सीनियर डीसीएम शुचि सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गोविंदपुर स्टेशन को स्टेट ऑफ द आर्ट सुविधाओं से लैस किया गया है. यहां यात्रियों की जरूरतों और सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए नई स्टेशन बिल्डिंग, दिव्यांगजनों के लिए रैंप, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, और उन्नत लिफ्ट प्रणाली की व्यवस्था की गई है.
मॉडर्न स्टेशन के रूप में विकसित हुआ गोविंदपुर
नए स्वरूप में गोविंदपुर स्टेशन में हाई लेवल प्लेटफॉर्म, यात्री शेड, स्टेशन के भीतर और बाहर बेहतर लाइटिंग, आरामदायक वेटिंग हॉल, सुदृढ़ एप्रोच रोड, फुट ओवर ब्रिज, और अत्याधुनिक टिकट काउंटर जैसी सुविधाएं जोड़ी गई हैं. साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए पार्किंग एरिया और बैठने के लिए जगह-जगह कुर्सियों की भी व्यवस्था की गई है.













