Gumla: गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना नवडीहा पेट्रोल पंप के समीप हुई, जहां विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।
मृतकों की पहचान घाघरा निवासी राज लोहरा और टांगर सिकवार निवासी दुर्गेश ठाकुर के रूप में हुई है। दोनों युवक स्कूटी से घाघरा से नवडीहा की ओर जा रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार, पेट्रोल पंप के पास मोड़ पर ट्रक ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पुलिस कर रही ट्रक की पहचान
घटना की सूचना मिलने पर घाघरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया है। फरार ट्रक चालक और वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और ट्रक की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लोगों को जागरूक करने के साथ वाहन जांच अभियान भी चलाया जा रहा है।
बॉक्साइट ट्रकों की जांच की मांग
हादसे के बाद ग्रामीणों ने आशंका जताई कि दुर्घटना में शामिल ट्रक बॉक्साइट ढोने वाला वाहन हो सकता है। उनका आरोप है कि क्षेत्र में कई बॉक्साइट ट्रक तेज रफ्तार से चलते हैं और रात में कुछ चालक नशे की हालत में वाहन चलाते हैं। ग्रामीणों ने खलासियों द्वारा ट्रक चलाए जाने की शिकायत भी की।
इस हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों युवकों की शादी कुछ महीने बाद होनी थी। दुर्गेश ठाकुर का तिलक 24 अक्टूबर को निर्धारित था।
ग्रामीणों ने उपायुक्त से बॉक्साइट ट्रकों के कागजात, चालकों के लाइसेंस और नशे में वाहन चलाने की नियमित जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण के लिए सख्त कार्रवाई जरूरी है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









