Ranchi: राजधानी रांची के प्रमुख हरमू चौक का भाजपा ने नामकरण ‘विकसित भारत संकल्प चौक’ किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा की ओर से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
हटिया विधायक नवीन जायसवाल समेत कई बड़े नेता शामिल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में रांची विधायक सीपी सिंह, हटिया विधायक नवीन जायसवाल, रांची की मेयर रोशनी खलखो और डिप्टी मेयर नीरज कुमार समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। लोग जुलूस की शक्ल में ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ हरमू चौक पहुंचे, जहां नामकरण किया गया।
विकसित राष्ट्र बनाने के लिए देश के नागरिकों की सामूहिक भागीदारी जरूरी
आदित्य साहू ने कहा कि 2047 तक भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के लिए देश के नागरिकों की सामूहिक भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि हरमू चौक से प्रतिदिन हजारों लोग गुजरते हैं। ऐसे में नया नाम लोगों को विकसित भारत के लक्ष्य और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका की याद दिलाता रहेगा।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लिए युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों की भागीदारी, सुशासन, पारदर्शिता, नवाचार, मेक इन इंडिया और उद्यमिता को बढ़ावा देना जरूरी है। शिक्षा और स्वास्थ्य में सुधार को भी उन्होंने इस यात्रा का महत्वपूर्ण आधार बताया।
कार्यक्रम में हेमंत दास, शशांक राज, संदीप वर्मा, शोभा यादव, सतीश सिन्हा, सीमा सिंह, सूरज शाहदेव, रमेश सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








