Jharkhand News: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने गुरुवार को चाईबासा सदर अस्पताल का अचानक निरीक्षण किया, जिससे अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। मंत्री ने करीब तीन घंटे तक अस्पताल की व्यवस्थाओं की गहन जांच की और वार्डों, प्रयोगशालाओं तथा मरीजों की देखभाल प्रणाली का विस्तार से निरीक्षण किया।
एचआईवी लापरवाही मामला उजागर, मंत्री ने दी ₹2 लाख की आर्थिक सहायता
निरीक्षण के दौरान थैलेसीमिया मरीज की रिपोर्ट में एचआईवी पॉजिटिव पाए जाने की गंभीर लापरवाही सामने आई। मामले को तत्काल संज्ञान में लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने फौरन जांच के आदेश दिए और पीड़ित परिवार को ₹2 लाख की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया।
इस मौके पर चाईबासा के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, सिविल सर्जन और स्वास्थ्य विभाग के जांच विशेषज्ञ भी मौजूद थे।
259 डोनर्स में से 44 की जांच, चार में एचआईवी की पुष्टि
स्वास्थ्य विभाग की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2023-24 में कुछ बच्चों को संक्रमित प्लाज्मा का ट्रांसफ्यूजन किया गया था।
259 डोनर्स से रक्त लिया गया था, जिनमें से 44 की जांच कराई गई। इसमें चार लोगों के एचआईवी पॉजिटिव पाए जाने की पुष्टि हुई है।
मंत्री ने कहा कि जांच पूरी होने तक राजनीतिक बयानबाजी या अफवाहों से बचा जाए, क्योंकि यह एक संवेदनशील और गंभीर मामला है।
“दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी” — डॉ. इरफान अंसारी
डॉ. अंसारी ने कहा, “यदि जांच में किसी की लापरवाही साबित होती है, तो मैं खुद पीड़ित परिवार की पूरी जिम्मेदारी लूंगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करूंगा।” उन्होंने कहा कि कोल्हान क्षेत्र से चार-चार पूर्व मुख्यमंत्री रहे हैं, लेकिन किसी ने स्वास्थ्य व्यवस्था की ओर ध्यान नहीं दिया। मंत्री ने कहा, “आज जब खामियां उजागर हो रही हैं, तो उन्हें बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है”।
भाजपा पर तीखा प्रहार — “20 साल स्वास्थ्य व्यवस्था को मजाक बनाया”
भाजपा पर निशाना साधते हुए मंत्री ने कहा कि विपक्ष इस गंभीर मामले को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा, “20 वर्षों तक भाजपा ने स्वास्थ्य व्यवस्था को मजाक बना दिया था। आज जब सुधार दिख रहा है, तो उन्हें यह बुरा लग रहा है”।
मंत्री ने दावा किया कि वर्तमान सरकार के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं अलर्ट मोड में हैं, और जनता अब बेहतर इलाज का अनुभव कर रही है।
Read more- तुलसी विवाह 2025 में कब करें पूजा? जानें सही तिथि और गोधूलि बेला का शुभ समय












