झारखंड में 25 और 26 अप्रैल को उष्ण लहर की स्थिति देखी जा सकती है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इस संबंध में एक विशेष बुलेटिन जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि संताल परगना प्रमंडल के देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज जिलों में गर्मी बढ़ने की संभावना है. पिछले 24 घंटे में झारखंड का उच्चतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो डालटेनगंज में रिकॉर्ड किया गया.
मौसम केंद्र के प्रमुख अभिषंक आनंद ने बताया कि रांची, जमशेदपुर और बोकारो जैसे शहरों में भी तापमान में वृद्धि हुई है. रांची का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक है. इसी तरह, जमशेदपुर का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस हो गया है.
उष्ण लहर के प्रभाव से बचने के लिए लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान लोग घर से बाहर निकलते समय सावधानी बरतें और आवश्यकतानुसार ठंडे स्थानों पर रहें.






