Koderma: कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र में सोमवार को सड़क हादसे में दो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना डोमचांच-सतगांवा मुख्य मार्ग पर जेरुआडीह के पास हुई, जहां दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
दोनों बाइकों में आमने-सामने जोरदार टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार, सतगांवा थाना क्षेत्र के अंगार निवासी एक व्यक्ति बाइक से अपने साथी के साथ कोडरमा की ओर जा रहा था। वहीं, डोमचांच थाना क्षेत्र के सिमरिया निवासी संतोष कुमार डोमचांच से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जेरुआडीह के पास दोनों बाइक आमने-सामने टकरा गईं।
दोनों मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
रॉन्ग साइड में आने के कारण हादसे की आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार, सतगांवा की ओर से आ रहा बाइक सवार कथित तौर पर रॉन्ग साइड में आ गया था। इसी वजह से हादसा होने की बात कही जा रही है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। डोमचांच पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।









