झारखंड के Jamtara में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। दुमका रोड स्थित रामजसराय गोपीराम इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास डंपर और स्कूटी की टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला और उन्होंने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
मृतक की पहचान तीलाबाद निवासी रोनित राय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक स्कूटी से पेट्रोल पंप की ओर जा रहे थे। उसी दौरान रेलवे साइडिंग से कोयला खाली कर लौट रहा एक डंपर पेट्रोल भरवाने के लिए पंप में प्रवेश कर रहा था। इसी बीच अचानक स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे डंपर की चपेट में आ गई। हादसा इतना भयावह था कि रोनित राय की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल दोनों युवकों को तुरंत जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया।
हादसे से नाराज लोगों ने दुमका रोड को जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने डंपर चालक पर सख्त कार्रवाई और सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। लोगों का कहना था कि शहर में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।
सूचना मिलने के बाद सीओ अनंत कुमार और एसडीपीओ वसीम रजा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। इस दौरान टाइगर मोबाइल के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
फिलहाल पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि हादसे के हर पहलू की जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।








