Palamu: पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के रामपुर इलाके में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दबंगों द्वारा की गई अंधाधुंध फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
राइफल व पिस्टल से फायरिंग
जानकारी के अनुसार, एक विधवा महिला अपने घर का निर्माण करा रही थी। इसी दौरान जमीन को लेकर गांव के मंटू सिंह और अन्य लोगों ने निर्माण कार्य रोक दिया। विवाद बढ़ने पर महिला के परिजन और गोतिया मौके पर पहुंचे और विरोध शुरू कर दिया। इसी बीच दूसरे पक्ष के लोग हथियार लेकर पहुंचे और राइफल व पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी।
आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी पुलिस
फायरिंग में सिकंदर चौधरी, मधु चौधरी, संजय चौधरी और यशवंत कुमार घायल हो गए। सभी को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सिकंदर चौधरी को मृत घोषित कर दिया।
एसडीपीओ राजेश यादव ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वहीं विधायक आलोक चौरसिया ने घटना की निंदा करते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।










