KhabarMantra: भारतीय सेना और सैन्य अधिकारियों को लेकर दिए गए विवादित बयानों पर कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जोरदार हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने कहा कि भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चाटुकारिता में सेना का अपमान करने की सारी सीमाएं लांघ दी हैं।
उन्होंने मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के उस बयान की कड़ी निंदा की, जिसमें उन्होंने कहा था कि “देश की सेना और सैनिक मोदी के चरणों में नतमस्तक हैं।” सोनाल शांति ने इसे पूरी तरह अस्वीकार्य बताते हुए कहा कि यह बयान न केवल सेना का अपमान है, बल्कि यह दर्शाता है कि भाजपा नेता सत्ता की चापलूसी में देश की रक्षा करने वाले वीर सैनिकों के आत्मसम्मान को भी दांव पर लगाने से नहीं हिचकते।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि इससे पहले भाजपा के मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोफिया कुरैशी का अपमान किया, फिर भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य ने तिरंगे का अपमान किया और अब जगदीश देवड़ा सेना पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेतृत्व इन मामलों में कोई कार्रवाई नहीं करता क्योंकि इन नेताओं को प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की “मौन सहमति” प्राप्त है।
उन्होंने भाजपा पर तीखा कटाक्ष करते हुए कहा कि, “अगर चापलूसी की ओलंपिक प्रतियोगिता होती, तो भाजपा नेता स्वर्ण पदकों के साथ पहले स्थान पर होते।” सोनाल शांति ने आरोप लगाया कि भाजपा के डीएनए में बलिदान नहीं बल्कि मुखबिरी है, और यही कारण है कि वह हमेशा सैनिकों की शहादत को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करती रही है।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि अगर विजय शाह और जगदीश देवड़ा पर अविलंब कार्रवाई नहीं की गई, तो यह माना जाएगा कि भाजपा नेतृत्व की पूरी शह इन बयानों को प्राप्त है। कांग्रेस देश की सेना और सैनिकों के सम्मान के साथ मजबूती से खड़ी है और किसी भी तरह के अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगी।












