Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में आयोजित इस महत्वपूर्ण कंसल्टेशन में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी शामिल हुए। इस कार्यक्रम में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, शहरी विकास मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू, उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर सहित राज्य सरकार के सभी विभागों के वरिष्ठ सचिव एवं उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।
मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि आज आईटी और टेक्नोलॉजी सेक्टर की कई राष्ट्रीय एवं वैश्विक कंपनियों ने झारखंड में निवेश करने और अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की इच्छा व्यक्त की। राज्य सरकार उद्योगों की स्थापना के लिए बेहतर आधारभूत संरचना, आवश्यक भूमि और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएगी, ताकि झारखंड निवेश का पसंदीदा गंतव्य बन सके।
निवेश, उद्योग और रोजगार के नए युग में प्रवेश कर रहा झारखंड
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दूरदर्शी विज़न के कारण झारखंड अब विकास, निवेश, उद्योग और रोजगार के नए युग में प्रवेश कर रहा है। पहली बार बड़े निवेशकों का विश्वास झारखंड पर बढ़ा है। नए उद्योग स्थापित होंगे, हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा और झारखंड देश के प्रमुख आईटी एवं औद्योगिक राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।
मेरे लिए भी यह गर्व का विषय है कि झारखंड स्वास्थ्य विभाग जल्द ही Google के साथ एक महत्वपूर्ण एमओयू (MoU) करने जा रहा है। इस साझेदारी से स्वास्थ्य सेवाओं में डिजिटल क्रांति आएगी और आधुनिक तकनीक के माध्यम से स्वास्थ्य व्यवस्था और मजबूत होगी। साथ ही, इस पहल से झारखंड के सैकड़ों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।









