नई दिल्ली: भारतीय रेलवे (Indian Railways) से सफर करने वाले करोड़ों यात्रियों के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव (Rail Minister Ashwini Vaishnaw) ने एलान किया है कि आगामी 15 जुलाई तक आईआरसीटीसी (IRCTC) की एक नई और बेहद एडवांस वेबसाइट लॉन्च कर दी जाएगी। इस नई वेबसाइट के आने से यात्रियों को टिकट बुक करते समय होने वाली दिक्कतों से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी।
जयपुर के MNIT छात्रों के बीच रेल मंत्री ने किया एलान
यह महत्वपूर्ण घोषणा रेल मंत्री ने जयपुर के मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT) में छात्रों के साथ बातचीत के दौरान की। इस संवाद कार्यक्रम में मानविकी और सामाजिक विज्ञान विभाग की छात्रा लभिशा मीना ने टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म पर आ रही लगातार समस्याओं का मुद्दा उठाया।
छात्रा ने बताया कि: “IRCTC पोर्टल पर टिकट बुक करते समय ओटीपी (OTP) या कैप्चा (Captcha) वेरिफिकेशन में बहुत ज्यादा समय लगता है। कई बार तो इस तकनीकी खराबी के कारण तत्काल टिकट या सामान्य टिकट बुक ही नहीं हो पाते और सीटें फुल हो जाती हैं।”
Read More: Ranchi: रांची के अनायरा गर्ल्स हॉस्टल में छात्रा की संदिग्ध मौत, चौथी मंजिल से गिरी; जांच में जुटी पुलिस
शिकायत सुनते ही रेल मंत्री का ‘स्पॉट एक्शन’
छात्रों की इस जायज परेशानी को सुनते ही रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने तुरंत एक्शन लिया। उन्होंने मंच से ही IRCTC के वरिष्ठ अधिकारियों को फोन लगाया और इस गंभीर तकनीकी खामी पर चर्चा की। अधिकारियों से बात करने के तुरंत बाद उन्होंने छात्रों और देश की जनता को आश्वस्त किया कि 15 जुलाई तक एक नई और उन्नत (Upgraded) वेबसाइट लाइव कर दी जाएगी, जिसमें ये सभी कमियां दूर होंगी।
IRCTC की नई वेबसाइट में क्या होंगे बदलाव?
सूत्रों और रेल मंत्री की बातचीत के अनुसार, नई वेबसाइट में बड़े सुधार देखने को मिलेंगे:
- फास्ट ओटीपी और कैप्चा वेरिफिकेशन: अब टिकट बुकिंग के समय OTP और Captcha लोड होने में समय नहीं लगेगा।
- हैंग-फ्री बुकिंग एक्सपीरियंस: भारी ट्रैफिक (विशेषकर तत्काल टिकट बुकिंग के समय) के दौरान भी वेबसाइट क्रैश या स्लो नहीं होगी।
- यूजर फ्रेंडली इंटरफेस: आम नागरिकों के लिए टिकट बुक करना पहले से कहीं ज्यादा आसान और सुरक्षित होगा।
रेल मंत्री ने दी ‘RailOne’ ऐप इस्तेमाल करने की सलाह
बातचीत के दौरान जब छात्रों ने ऐप के धीमे होने की बात कही, तो रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उन्हें ‘RailOne’ (रेलवन) ऐप का उपयोग करने का सुझाव दिया। उन्होंने बताया कि भारतीय रेलवे द्वारा विकसित यह ऐप बेहद सुचारू रूप से काम करता है और इसके जरिए टिकट बुकिंग व अन्य रेलवे सेवाओं का लाभ आसानी से उठाया जा सकता है।
ट्रेनों में स्तनपान (Breastfeeding) के लिए बनेगा स्पेशल केबिन!
इसी कार्यक्रम में एक अन्य छात्रा, नाज बानो ने महिला सुरक्षा और सुविधा से जुड़ा एक बेहद संवेदनशील मुद्दा उठाया। उन्होंने सुझाव दिया कि ट्रेनों में सफर के दौरान महिलाओं को स्तनपान कराते समय काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, इसलिए हर कोच में इसके लिए एक समर्पित या प्राइवेट स्पेस (Dedicated Space) होना चाहिए।
रेल मंत्री ने इस सुझाव की सराहना करते हुए अपनी टीम को इस पर तुरंत काम करने और नीति तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।









