जामताड़ा: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा के खिलाफ राजनीतिक मुकाबले के लिए ‘वानर सेना’ बनाने का ऐलान किया है। 10 नवंबर को मिहिजाम में मां काली पूजा पंडाल के उद्घाटन समारोह में उन्होंने कहा कि भाजपा की नफरत और कथित राजनीतिक हथकंडों का जवाब देने के लिए वानर सेना तैयार की जाएगी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “मैं इरफान अंसारी नहीं, इरफान हाड़ी हूं।” मंत्री ने भाजपा पर समाज को बांटने और लोकतांत्रिक अधिकारों को कमजोर करने का आरोप भी लगाया।
भाजपा की नीतियों पर साधा निशाना
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इरफान अंसारी ने कहा कि उनकी राजनीति का उद्देश्य सत्ता और पद हासिल करना नहीं, बल्कि गरीबों, दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों और शोषित वर्गों को उनका अधिकार और सम्मान दिलाना है। उन्होंने भाजपा पर पिछले 14 वर्षों में इन वर्गों को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।
मंत्री ने कहा कि भाजपा की राजनीति जनता को आपस में बांटने और वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने तक सीमित रह गई है। उन्होंने कृषि कानून, NRC, वक्फ बोर्ड और अन्य मुद्दों का जिक्र करते हुए भाजपा की नीतियों पर सवाल उठाए।
SIR को लेकर चुनाव आयोग पर भी उठाए सवाल
स्वास्थ्य मंत्री ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया के कारण गरीब, मजदूर और आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि मतदाता सूची से किसी का नाम हटने की स्थिति में उसके लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा कैसे होगी।
अंसारी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने कथित वोट चोरी और SIR से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया है। उन्होंने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए।
मंत्री ने लोगों से SIR फॉर्म गंभीरता से भरने की अपील की। साथ ही कहा कि यदि किसी का नाम मतदाता सूची से हटाया जाता है या प्रक्रिया में परेशानी होती है तो उन्हें इसकी जानकारी दें। उन्होंने मताधिकार की रक्षा के लिए हर स्तर पर लड़ाई लड़ने का भरोसा दिया।
हनुमान जी की सेवा भावना से प्रेरित होगी वानर सेना : इरफान
भाजपा पर हमला बोलते हुए इरफान अंसारी ने ‘वानर सेना’ के गठन की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भाजपा के कथित जहरीले राजनीतिक हथकंडों का मुकाबला वानर सेना करेगी। मंत्री के मुताबिक, इस अभियान का उद्देश्य हनुमान जी की सेवा भावना, साहस और समर्पण से प्रेरणा लेकर गरीबों की मदद करना, समाज की रक्षा करना और लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करना है।
उन्होंने युवाओं से इस अभियान से जुड़ने की अपील की। साथ ही कहा कि उनकी राजनीति धर्म के नाम पर लोगों को बांटने की नहीं, बल्कि इंसानियत, भाईचारे और सामाजिक न्याय को मजबूत करने की है।
जामताड़ा मेडिकल कॉलेज से 3 हजार से अधिक लोगों को रोजगार का दावा
जामताड़ा के विकास का जिक्र करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने मेडिकल कॉलेज को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के माध्यम से 3,000 से अधिक छात्र-छात्राओं को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। उनके अनुसार, इससे स्थानीय युवाओं को शिक्षा और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
अंसारी ने अपने पिता और पूर्व विधायक फुरकान अंसारी का जिक्र करते हुए कहा कि मिहिजाम और जामताड़ा की जनता के साथ उनका पुराना पारिवारिक रिश्ता है। उन्होंने कहा कि वे अपने पिता की जनसेवा की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं और क्षेत्र के विकास के लिए काम करना चाहते हैं।
मां काली पूजा पंडाल का किया उद्घाटन
इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मिहिजाम में मां काली पूजा पंडाल का उद्घाटन किया और विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। इस दौरान बजरंग क्लब वानर सेना और पूजा कमिटी के सदस्यों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम में अधिवक्ता निशपति हंसदा, हाड़ी समाज के प्रतिनिधि, पूजा कमिटी के सदस्य, कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष विजय दुबे, पूर्व जिला अध्यक्ष प्रभु मंडल, कपिल यादव, साबू यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित थे।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








