Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ छेड़छाड़ और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। महिला ने एक अज्ञात युवक पर दुष्कर्म की नीयत से सुनसान जगह पर ले जाने, विरोध करने पर मारपीट करने और गला दबाकर हत्या की कोशिश करने का आरोप लगाया है। घटना 7 नवंबर की शाम की बतायी जा रही है। महिला की शिकायत पर रातू थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।
क्या है पूरा मामला?
प्राथमिकी के अनुसार, रातू निवासी महिला 7 नवंबर की शाम करीब 7:45 बजे पंडरा से अपने घर लौट रही थी। घर से कुछ दूरी पहले ही पीछे से आए एक युवक ने अचानक उसके मुंह पर कपड़ा रखकर आवाज दबा दी। इसके बाद युवक ने महिला के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकत शुरू कर दी। आरोप है कि युवक उसे घसीटकर एक सुनसान बाउंड्री के अंदर ले जाने का प्रयास करने लगा।
महिला ने इसका विरोध किया और खुद को बचाने के लिए युवक से संघर्ष करने लगी। इसी दौरान उसने युवक के हाथ में दांत काट लिया। इससे नाराज होकर आरोपी ने महिला के चेहरे पर जोरदार प्रहार किया। महिला ने शोर मचाकर मदद मांगने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि युवक ने उसका गला दबाकर जान लेने का प्रयास किया।
इसी बीच आसपास लोगों के आने की आहट सुनकर आरोपी मौके से फरार हो गया। गला दबाए जाने के कारण महिला बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। कुछ देर बाद होश आने पर उसने आवाज लगाकर अपने भाई को बुलाया। भाई उसे घर ले गया और फिर इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
महिला ने रातू थाना पहुंचकर अज्ञात युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis







