रांची: राजधानी रांची के ऐतिहासिक Jagannathpur रथ मेला 2026 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मेले से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी विभागों को समय सीमा के भीतर अपनी तैयारियां पूरी करने और आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि जगन्नाथपुर रथ मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि रांची की सांस्कृतिक और आस्था की पहचान है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश
बैठक में मेला परिसर और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में हाई क्वालिटी सीसीटीवी कैमरे लगाने, पर्याप्त बैरिकेडिंग, महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास मार्ग विकसित करने तथा भीड़ नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा रथ, पंडाल, मंच और पब्लिक एड्रेस (PA) सिस्टम के लिए संबंधित सक्षम प्राधिकार से सुरक्षा एवं गुणवत्ता प्रमाण-पत्र लेने को अनिवार्य किया गया।
बिजली, जेनरेटर और आपदा प्रबंधन पर विशेष फोकस
उपायुक्त ने मेला परिसर में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ-साथ अस्थायी विद्युत व्यवस्था की नियमित जांच कराने के निर्देश दिए। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त क्षमता वाले बैकअप जेनरेटर उपलब्ध रखने को भी कहा गया।
संभावित बारिश और वज्रपात को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट रहने और सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
चिकित्सा, पेयजल और स्वच्छता की रहेगी पूरी व्यवस्था
बैठक में स्वास्थ्य विभाग को मेला परिसर में चिकित्सा दल, एम्बुलेंस और प्राथमिक उपचार केंद्र की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं अग्निशमन विभाग को पर्याप्त अग्निशमन वाहन और उपकरण तैनात रखने के निर्देश दिए गए।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, शौचालय, स्वच्छता, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, खोया-पाया केंद्र, नियंत्रण कक्ष और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (PA System) को समय पर तैयार करने पर भी जोर दिया गया।
ट्रैफिक और वीआईपी मूवमेंट की होगी अलग व्यवस्था
प्रशासन ने मेला अवधि के दौरान यातायात प्रबंधन, पार्किंग और वीआईपी मूवमेंट के लिए अलग कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। संभावित विशिष्ट अतिथियों के आगमन को देखते हुए सुरक्षा, प्रोटोकॉल और आवागमन की विशेष व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया।
14 जुलाई को होगा अंतिम निरीक्षण
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने बताया कि 14 जुलाई 2026 की शाम मेला परिसर का संयुक्त निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान सभी विभागों की तैयारियों का मौके पर सत्यापन किया जाएगा और जहां आवश्यकता होगी, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक (यातायात) राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक (नगर) पारस राणा, सदर एसडीओ कुमार रजत, सहायक समाहर्ता आस्था शरण, अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था) धनंजय, विभिन्न विभागों के अधिकारी, संबंधित थाना प्रभारी, मंदिर समिति के प्रतिनिधि तथा मेला बंदोबस्ती संवेदक उपस्थित रहे।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









