रांची: जमशेदपुर और आदित्यपुर में आयोजित बंद के बाद भाजपा ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने दावा किया कि बंद को जनता का ऐतिहासिक और स्वतःस्फूर्त समर्थन मिला। उन्होंने कहा कि यह केवल भाजपा का आंदोलन नहीं था, बल्कि राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ आम लोगों का आक्रोश था।
रांची स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अमर कुमार बाउरी ने कहा कि पिछले साढ़े छह वर्षों में पहली बार जनता ने हेमंत सरकार के खिलाफ अपने गुस्से का खुलकर इजहार किया है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर और आदित्यपुर के व्यापारियों, उद्योगों, छोटे दुकानदारों और आम नागरिकों ने स्वेच्छा से बंद का समर्थन किया, जिसके लिए भाजपा सभी नागरिकों का आभार व्यक्त करती है।
सरकार पर लगाया मुद्दे को भटकाने का आरोप
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार और सत्तारूढ़ दलों ने पूरे मामले को दूसरी दिशा में ले जाने की कोशिश की, लेकिन जनता ने उसे स्वीकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर की हालिया घटना और उसमें पुलिस की भूमिका की पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार की है।
उन्होंने मांग की कि निर्दोष लोगों को फंसाने के बजाय वास्तविक दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही कहा कि राज्य में कहीं भी जनता के साथ अन्याय या अत्याचार होगा तो भाजपा एक जिम्मेदार और सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएगी।
कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा
अमर कुमार बाउरी ने दावा किया कि झारखंड में कानून व्यवस्था लगातार कमजोर हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं और पुलिस व्यवस्था पर जनता का भरोसा कम हुआ है। उनके अनुसार सरकार बनने के बाद से प्रशासनिक व्यवस्था लगातार प्रभावित हुई है, जिसका असर कानून व्यवस्था पर साफ दिखाई दे रहा है।
नशे के कारोबार को लेकर भी लगाए आरोप
प्रेस वार्ता में भाजपा नेता ने जमशेदपुर और आदित्यपुर में बढ़ते नशे के कारोबार को भी गंभीर मुद्दा बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में ड्रग्स और ब्राउन शुगर का अवैध कारोबार तेजी से फैल रहा है और सरकार इसे रोकने में विफल रही है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नशा मुक्ति अभियान केवल पोस्टरों तक सीमित रह गया है और झारखंड में युवाओं के बीच नशे की समस्या लगातार बढ़ रही है।
पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की दोहराई मांग
भाजपा ने जमशेदपुर की घटना का उल्लेख करते हुए उन पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग दोहराई, जिनकी मौजूदगी में युवक की हत्या हुई थी। पार्टी का आरोप है कि पुलिस ने समय रहते अपना दायित्व नहीं निभाया और घायल युवक के इलाज में भी लापरवाही बरती गई।
भाजपा ने राज्य सरकार से मांग की कि अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था को मजबूत करने और नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई के लिए ठोस कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
प्रेस वार्ता में रहे मौजूद
इस प्रेस वार्ता में भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेन्द्र प्रताप सिंह, प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत महतो, दीनदयाल बरनवाल और रवि नाथ किशोर भी उपस्थित रहे।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis







