परिजनों ने पोस्टमार्टम प्रक्रिया पर उठाए सवाल
जमशेदपुर: बिष्टुपुर में करनी सेना के नेता हिमांशु सिंह की निर्मम हत्या के मामले में जमशेदपुर पुलिस ने बड़ी घोषणा की है। पुलिस ने इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोडरा की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना पर 2 लाख रुपये का इनाम देने का ऐलान किया है। पुलिस का कहना है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
21 बार चाकू से हमला कर की गई थी हत्या
गौरतलब है कि बिष्टुपुर में हुई इस सनसनीखेज वारदात में अपराधियों ने हिमांशु सिंह पर 21 बार चाकू से हमला किया था। हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद से पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी है।
मुख्य आरोपी की पहचान सार्वजनिक
पुलिस के अनुसार, मामले का मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोडरा, पिता रविंद्र नाथ मंडल, निवासी घाटकीडीह, थाना गम्हरिया, जिला सरायकेला-खरसावां है, जो फिलहाल फरार है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि आरोपी के संबंध में कोई ठोस जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि उसकी जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।
इन नंबरों पर दी जा सकती है सूचना
आरोपी के संबंध में सूचना निम्न अधिकारियों को दी जा सकती है—
- सिटी एसपी, जमशेदपुर: 9471190203
- पुलिस उपाधीक्षक (CCR): 9431706486
- बिष्टुपुर थाना प्रभारी: 9431706497
- पुलिस कंट्रोल रूम, जमशेदपुर: 0657-2431030 / 2431028
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पता पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।
परिजनों ने प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप
इधर, हिमांशु सिंह के परिजनों ने जिला प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। परिजनों का आरोप है कि पोस्टमार्टम शुरू होने से पहले उन्हें प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक या पर्याप्त सूचना नहीं दी गई।
उनका कहना है कि परिवार के किसी भी सदस्य की मौजूदगी के बिना पोस्टमार्टम जैसी संवेदनशील कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दी गई, जिससे उनकी धार्मिक और पारिवारिक भावनाएं आहत हुई हैं।
परिजनों ने प्रशासन की इस कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की है। वहीं, इस पूरे मामले पर प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









