Jamshedpur: कोल्हान (सिंहभूम) प्रमंडल के सभी 727 डाकघर 22 जुलाई से हाईटेक हो गये हैं। डाक विभाग ने IT 2.0 प्रणाली का सफलतापूर्वक रोलआउट कर दिया है। सोमवार 21 जुलाई को इस अपग्रेडेशन के चलते डाकघरों में कोई कामकाज नहीं हुआ, जिससे आम लोगों को थोड़ी परेशानी हुई। हालांकि मंगलवार से सभी डाकघर आधुनिक सुविधाओं के साथ जनता की सेवा में जुट गए हैं।
वरिष्ठ डाक अधीक्षक उदयभान सिंह ने बताया कि कोल्हान के 71 उपडाकघर और 646 ग्रामीण डाकघर अब पूरी तरह डिजिटल हो गये हैं। सिर्फ 17 डाकघरों में तकनीकी दिक्कतें थीं, जिन्हें देर रात तक ठीक कर लिया गया।
Read More: अब राजभवन के सामने नहीं होगा प्रदर्शन! जानिए धरना स्थल को क्यों शिफ्ट कर रहा है प्रशासन
IT 2.0 के फायदे: जनता को मिलेगा तेज और स्मार्ट सेवा अनुभव
उदयभान सिंह ने कहा कि IT 2.0 से डाकघरों में डेटा फ्लो पहले से कहीं ज्यादा तेज होगा। यह सिस्टम पूरी तरह यूजर फ्रेंडली है और कर्मचारियों को भी काम करने में सहूलियत देगा। सबसे खास बात यह है कि अब डिलीवरी ओटीपी-बेस्ड होगी, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी।
इस नई प्रणाली से ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों में लोग इन सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे:
डिजिटल लेनदेन की सुविधा
रियल टाइम ट्रैकिंग सिस्टम
पेपरलेस वर्कफ्लो
प्रशासनिक कार्यों में तेजी
वरिष्ठ डाक अधीक्षक ने बताया कि विभाग तकनीकी रूप से सक्षम बनने के साथ-साथ व्यवसायिक संभावनाओं को भी तलाश रहा है। पिछले सप्ताह कई संस्थानों को पत्र भेजे गये और सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली।
डिजिटल इंडिया की ओर डाक विभाग का बड़ा कदम
कोल्हान के डाकघरों में अब लोग डिजिटल सेवाओं का लाभ गांव-गांव तक ले सकेंगे। यह कदम ग्रामीण इलाकों को भी तकनीकी रूप से सशक्त बनाएगा।












