Jharkhand: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सुदिव्य सोनू को पत्र लिखकर पौने चार करोड़ रुपये की 6 महत्वपूर्ण परियोजनाओं को शीघ्र प्रशासनिक स्वीकृति देने का आग्रह किया है। ये सभी योजनाएं बीते 9 महीनों से विभागीय मुख्यालय में लंबित हैं, जिससे क्षेत्र के विकास कार्य ठप पड़े हुए हैं।
सरयू राय ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि कुल ₹3,62,35,250 की लागत वाली ये 6 परियोजनाएं तकनीकी स्वीकृति प्राप्त कर चुकी हैं और केवल प्रशासनिक स्वीकृति का इंतजार कर रही हैं। इनमें से अधिकांश योजनाएं जल निकासी से जुड़ी हैं, जो आगामी मॉनसून से पहले पूरी करना अत्यंत आवश्यक है।
वार्ड संख्या 9 की प्रमुख अटकी परियोजनाएं:
- जवाहर नगर रोड नंबर-6 में कुटकुटडुंगरी से उलीडीह खनका तक आरसीसी नाली निर्माण – ₹71,92,550
- उलीडीह में मिथलेश के घर से डिमना मेन रोड व अन्य क्रॉस रोड में आरसीसी नाली निर्माण – ₹35,55,600
- सिंह जी के घर से दरभंगा डेयरी डिमना मेन रोड तक आरसीसी नाली निर्माण – ₹71,45,500
- रामकृष्ण कॉलोनी से कंचन गैस एजेंसी तक आरसीसी नाली निर्माण – ₹68,72,250
अन्य महत्वपूर्ण योजनाएं:
- वार्ड संख्या 10 में मून सिटी के पास वृद्ध नागरिकों के लिए शेल्टर होम निर्माण – ₹28,13,450
- मानगो नगर निगम कार्यालय भवन के समीप जी+2 भवन निर्माण – ₹86,55,900
सरयू राय ने पत्र में कहा है कि इनमें से चार परियोजनाएं सीधे तौर पर जल निकासी से संबंधित हैं। बीते मॉनसून में देशबंधु लाइन समेत कई इलाकों में लंबे समय तक जलजमाव की समस्या रही, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। इन समस्याओं से स्थायी राहत के लिए इन योजनाओं का समय पर पूरा होना जरूरी है।
Read More: डीसी ने गणतंत्र दिवस को लेकर अधिकारियों के साथ की अहम बैठक, दिये ये निर्देश
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इन परियोजनाओं के लिए विभाग से किसी अतिरिक्त निधि की मांग नहीं की गई है। मानगो नगर निगम के पास पहले से ही इन योजनाओं के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध है। इसके बावजूद 9 महीनों तक फाइलों का लंबित रहना कई सवाल खड़े करता है।
सरयू राय ने चेतावनी दी है कि मानगो नगर निगम चुनाव की तारीख कभी भी घोषित हो सकती है। चुनाव की घोषणा होते ही आचार संहिता लागू हो जाएगी, जिससे इन परियोजनाओं की स्वीकृति और आगे खिसक सकती है। ऐसी स्थिति में अगले मॉनसून से पहले कार्य पूरा करने का लक्ष्य अधूरा रह जाएगा।












