रांची: Jharkhand में बीएड, एमएड और बीपीएड पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा 31 मई 2026 को आयोजित की जाएगी। राज्यभर से 45 हजार से अधिक अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के सफल संचालन को लेकर झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
राज्य के 8 जिलों में बनाए गए 94 परीक्षा केंद्र
संयुक्त प्रवेश परीक्षा के लिए झारखंड के आठ प्रमुख जिला मुख्यालयों में कुल 94 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें रांची, धनबाद, जमशेदपुर, बोकारो, दुमका, पलामू, हजारीबाग और चाईबासा शामिल हैं। सबसे अधिक 30 परीक्षा केंद्र राजधानी रांची में बनाए गए हैं।
परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को सुबह 9 बजे से परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा, जबकि परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले गेट बंद कर दिए जाएंगे।
JCECEB ने जारी किया एडमिट कार्ड
बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2026 के लिए JCECEB ने एडमिट कार्ड जारी कर दिया है। अभ्यर्थी पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट से कैंडिडेट लॉगिन के माध्यम से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र, समय और जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। पर्षद ने स्पष्ट किया है कि बिना एडमिट कार्ड किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। साथ ही वैध पहचान पत्र ले जाना भी अनिवार्य होगा।
ऑफलाइन मोड में होगी परीक्षा, रहेगी नेगेटिव मार्किंग
संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। परीक्षा OMR शीट पर ली जाएगी और सभी प्रश्न बहुविकल्पीय होंगे।
- कुल प्रश्न: 100
- कुल अंक: 100
- प्रत्येक सही उत्तर: 1 अंक
- गलत उत्तर पर: 0.25 अंक की कटौती
पर्षद के अनुसार अभ्यर्थियों की मेरिट लिस्ट परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी।
136 बीएड कॉलेजों में होगा नामांकन
Jharkhand में वर्तमान में सरकारी और निजी स्तर पर कुल 136 बीएड कॉलेज संचालित हैं। इन कॉलेजों में लगभग 13,600 सीटें उपलब्ध हैं। शैक्षणिक सत्र 2026-2028 के लिए इन्हीं सीटों पर संयुक्त प्रवेश परीक्षा के माध्यम से नामांकन लिया जाएगा।
बीएड के अलावा एमएड और बीपीएड पाठ्यक्रमों में भी इसी परीक्षा के जरिए एडमिशन होगा। शिक्षा क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह परीक्षा बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में उत्साह
राज्यभर के अभ्यर्थियों में परीक्षा को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। कई छात्र पिछले कई महीनों से इसकी तैयारी में जुटे हैं। कोचिंग संस्थानों और पुस्तक दुकानों में भी परीक्षा को लेकर हलचल बढ़ गई है।
वहीं, JCECEB ने परीक्षा को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित करने के लिए सभी केंद्रों पर विशेष व्यवस्था की है। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में वीक्षक और सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे। मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी।
अभ्यर्थियों के लिए जरूरी निर्देश
- परीक्षा केंद्र समय से पहले पहुंचें
- एडमिट कार्ड और वैध पहचान पत्र साथ रखें
- परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले गेट बंद हो जाएंगे
- प्रतिबंधित वस्तुएं परीक्षा केंद्र में न ले जाएं

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









