झारखंड में BJP का बड़ा आंदोलन: 1 अगस्त को सभी जिलों में प्रदर्शन, 31 जुलाई को निकलेगा मशाल जुलूस; हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग
झारखंड BJP ने 1 अगस्त को सभी जिलों में युवा मोर्चा के नेतृत्व में प्रदर्शन और 31 जुलाई को मंडलों में मशाल जुलूस का ऐलान किया। भाजपा ने सभी भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई जांच और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग की।
रांची: झारखंड में कथित भर्ती परीक्षा अनियमितताओं और छात्रों के मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपना आंदोलन और तेज करने का फैसला किया है। BJP प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर 1 अगस्त को राज्य के सभी जिलों में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नेतृत्व में विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा 31 जुलाई की शाम को राज्य के सभी मंडलों में मशाल जुलूस निकाला जाएगा।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने आंदोलन की घोषणा करते हुए कहा कि भाजपा छात्रों और युवाओं के न्याय की लड़ाई में पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है।
भाजपा की प्रमुख मांगें
प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा ने राज्य सरकार के सामने कई मांगें रखीं। इनमें प्रमुख रूप से—
विवादित भर्ती परीक्षाओं को रद्द किया जाए।
पिछले छह वर्षों में आयोजित सभी भर्ती परीक्षाओं की जांच सीबीआई से कराई जाए।
परीक्षा घोटालों की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कर दोषियों को सख्त सजा दी जाए।
कांग्रेस झारखंड सरकार से अपना समर्थन वापस ले।
मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री हेमंत सोरेन नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें।
“सरकार के पाप का घड़ा भर चुका है”
अमर बाउरी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हेमंत सोरेन सरकार के “पाप का घड़ा अब पूरी तरह भर चुका है और जल्द ही फूटने वाला है।” उनका आरोप था कि भाजपा ने वर्ष 2019 से लगातार सड़क से लेकर सदन तक परीक्षा अनियमितताओं सहित विभिन्न मुद्दों को उठाया, लेकिन सरकार ने हर बार उन्हें गंभीरता से लेने के बजाय जांच को भटकाने का प्रयास किया।
उन्होंने दावा किया कि राज्य की जांच एजेंसियां असली मास्टरमाइंड तक पहुंचने के बजाय केवल “आईवॉश” करने का काम कर रही हैं और वास्तविक दोषियों को बचाने की कोशिश की जा रही है।
JPSC और भर्ती परीक्षाओं पर सरकार को घेरा
भाजपा ने आरोप लगाया कि 14वीं जेपीएससी मामले में कार्रवाई भी पार्टी के आंदोलन के बाद ही शुरू हुई। अमर बाउरी ने कहा कि भाजपा युवा मोर्चा के लगातार संघर्ष के बाद ही सीआईडी जांच शुरू हुई, कुछ गिरफ्तारियां हुईं और आयोग के अध्यक्ष ने इस्तीफा दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि जेपीएससी और अन्य भर्ती प्रक्रियाओं में सरकार से जुड़े प्रभावशाली लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच केवल सीबीआई ही कर सकती है।
“युवाओं का सब्र टूट चुका है”
BJP नेता ने कहा कि राज्य के युवाओं में भारी आक्रोश है और वे लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि झारखंड में जेपीएससी, जेएसएससी सीजीएल, उत्पाद सिपाही, जूनियर इंजीनियर समेत कई भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों के आरोप लगे हैं, जिससे लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है।
केंद्र सरकार के कानून का किया जिक्र
अमर बाउरी ने कहा कि केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कानून बनाया है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्रिमंडल और संसद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठा रही है।
साथ ही उन्होंने कांग्रेस और विपक्ष पर आरोप लगाया कि वे राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में तो सरकार पर सवाल उठाते हैं, लेकिन झारखंड में भर्ती परीक्षाओं से जुड़े विवादों पर चुप्पी साध लेते हैं।
प्रेसवार्ता में रहे मौजूद
प्रेसवार्ता में भाजपा के मीडिया सह-प्रभारी अजय राय, प्रदेश प्रवक्ता दीनदयाल बर्णवाल, अनिवेश सिंह, रमाकांत महतो और रविनाथ किशोर भी उपस्थित रहे।
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
झारखंड मुख्य समाचार एवं विश्लेषण
Special Coverage
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
खबर मन्त्र एक्सक्लूसिव पड़ताल एवं विश्लेषण
Exclusive
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis