झारखंड में बढ़ती बिजली दरों, लगातार हो रही बिजली कटौती और पोस्टपेड मीटर में कथित गड़बड़ियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने 17 अप्रैल को प्रदेशभर के सभी जिला मुख्यालयों में एक दिवसीय आक्रोशपूर्ण धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की है।
BJP के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू के निर्देश पर यह आंदोलन आयोजित किया जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ता झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) के कार्यपालक अभियंता कार्यालयों के सामने धरना देंगे।
आम जनता परेशान, सरकार पर लापरवाही का आरोप
BJP के प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बिजली व्यवस्था की बदहाल स्थिति से आम लोग भारी परेशानी झेल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि एक तरफ बिजली दरों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, वहीं दूसरी ओर बिजली आपूर्ति बेहद खराब है। इसके अलावा पोस्टपेड मीटर के जरिए उपभोक्ताओं को गलत और मनमाने बिजली बिल दिए जा रहे हैं, जो पूरी तरह अनुचित है।
जनहित का मुद्दा, बड़ी भागीदारी का दावा
भानु प्रताप शाही ने कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह जनहित से जुड़ा हुआ है और भाजपा कार्यकर्ता राज्य के सभी जिलों में बड़ी संख्या में शामिल होंगे। पार्टी इस मुद्दे पर जनता की आवाज बनकर सरकार को जवाबदेह बनाने का काम करेगी।
लोगों से आंदोलन में शामिल होने की अपील
BJP नेताओं ने प्रदेश की जनता से इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उनका कहना है कि यह संघर्ष आम नागरिकों के अधिकारों और बेहतर सुविधाओं के लिए किया जा रहा है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








