Jharkhand: झारखंड में लंबे इंतजार के बाद आज नगर निकाय चुनाव की औपचारिक घोषणा होने जा रही है। राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी आज दोपहर 2 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव कार्यक्रम जारी करेंगी। इसके साथ ही राज्य की शहरी राजनीति में चुनावी सरगर्मी तेज हो जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक, चुनाव की अधिसूचना आज ही जारी होने की पूरी संभावना है। अधिसूचना के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। हालांकि नगर निकाय चुनाव गैर-दलीय आधार पर कराए जाएंगे, लेकिन जेएमएम, भाजपा, कांग्रेस समेत सभी प्रमुख राजनीतिक दल शहरी इलाकों में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में हैं। राजनीतिक गलियारों में इस चुनाव को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले शहरी राजनीति का ‘सेमीफाइनल’ माना जा रहा है।
Read More: छुट्टियों में खुला रजिस्ट्रेशन, फॉर्म छूटा, अब बच्चों की पढ़ाई और भविष्य पर असर
इस बार झारखंड के कुल 48 शहरी स्थानीय निकायों में चुनाव प्रस्तावित हैं। इनमें 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायत शामिल हैं। रांची, धनबाद, जमशेदपुर, बोकारो, देवघर जैसे बड़े और अहम शहरों में होने वाले चुनाव पर पूरे राज्य की नजरें टिकी रहेंगी।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार पहले ही चुनाव कार्यक्रम को मंजूरी दे चुके हैं। वहीं झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश के अनुसार 31 मार्च 2026 तक पूरी चुनावी प्रक्रिया समाप्त करनी है, इसी वजह से फरवरी महीने में मतदान कराए जाने की तैयारी है।
संभावित चुनावी शेड्यूल (घोषणा के बाद अंतिम मुहर लगेगी):
- अधिसूचना जारी: 27 जनवरी 2026
- नामांकन प्रक्रिया: अधिसूचना के अगले दिन से 7–10 कार्य दिवस
- मतदान: फरवरी के अंतिम सप्ताह में (संभावित 24 से 27 फरवरी, एक चरण में)
- मतगणना: मतदान के 2–3 दिन बाद, होली से पहले (28 फरवरी या 1 मार्च संभावित)
- प्रचार अवधि: करीब 32–36 दिन, जो सामान्य से कम होगी
चुनाव से जुड़ी अहम बातें:
- मतदान बैलेट पेपर से कराया जाएगा, ईवीएम का इस्तेमाल नहीं होगा।
- चुनाव पुरानी मतदाता सूची के आधार पर होंगे।
- वार्ड आरक्षण से जुड़ी अधिसूचना पहले ही जारी की जा चुकी है।
- सभी 48 निकायों में एक ही चरण में मतदान कराया जाएगा।
यह चुनाव शहरी विकास की दिशा तय करने वाला माना जा रहा है। स्वच्छता, पेयजल, सड़क, स्ट्रीट लाइट, नाली और अन्य बुनियादी नागरिक सुविधाओं से जुड़े प्रतिनिधियों का चयन इसी चुनाव के जरिए होगा। ऐसे में आने वाले दिनों में झारखंड के शहरों में चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा जाने की उम्मीद है।













