Jharkhand: राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के मौके पर झारखंड में खेल और फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाया जाएगा। 28 से 30 अगस्त तक राज्य के विभिन्न जिलों में खेल, हॉकी, साइकिलिंग और फिटनेस से जुड़ी गतिविधियां आयोजित होंगी। इस वर्ष अभियान की थीम ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ रखी गई है।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के फिट इंडिया मूवमेंट के तहत होने वाले इन कार्यक्रमों को लेकर हॉकी झारखंड ने अपनी सभी मान्यता प्राप्त जिला इकाइयों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जिला मुख्यालयों के अलावा हॉकी प्रशिक्षण केंद्रों, खेल मैदानों और हॉकी क्लबों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
Jharkhand में 28 अगस्त से शुरू होगा अभियान
राष्ट्रीय खेल दिवस कार्यक्रम की शुरुआत 28 अगस्त को डिजिटल श्रद्धांजलि दिवस के साथ होगी। इस दौरान फिटनेस और खेल से जुड़ी गतिविधियों के साथ ‘29 चैलेंज’ आयोजित किया जाएगा। खिलाड़ियों और बच्चों के बीच ‘पास द बॉल’ जैसी हॉकी गतिविधियां भी कराई जाएंगी।
महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को याद करते हुए उनकी तस्वीरों और संदेशों को सोशल मीडिया पर साझा किया जाएगा। इसके साथ ही ‘स्पोर्ट्स बंधन’ अभियान के तहत भी पोस्ट और तस्वीरें साझा करने के निर्देश दिए गए हैं।
29 अगस्त को एक घंटे खेलेंगे खिलाड़ी और युवा
29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के मुख्य आयोजन होंगे। इस दिन ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ अभियान के तहत खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल अधिकारियों और स्थानीय लोगों को कम से कम एक घंटे खेल गतिविधियों में शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है।
जिलों में छोटे हॉकी मुकाबले, हॉकी ड्रिल, कौशल प्रशिक्षण और फिटनेस सेशन आयोजित किए जाएंगे। बच्चों और युवाओं को खेलों के प्रति आकर्षित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। आयोजन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया के जरिए साझा किए जाएंगे।
30 अगस्त को ‘संडे ऑन साइकिल’ का आयोजन
तीन दिवसीय अभियान के अंतिम दिन 30 अगस्त को ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत विभिन्न जिलों में साइकिलिंग या ‘रन एंड राइड’ जैसी गतिविधियां कराई जाएंगी।
इसमें खिलाड़ियों और युवाओं के साथ आम लोगों को भी जोड़ने की कोशिश होगी। अभियान के जरिए नियमित व्यायाम, शारीरिक सक्रियता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।
बच्चों और आम लोगों की भागीदारी पर जोर
हॉकी झारखंड ने जिला इकाइयों से कहा है कि वे उपलब्ध संसाधनों और सुविधाओं के अनुसार कार्यक्रम आयोजित करें। आयोजन के लिए जिला मुख्यालय, हॉकी मैदान, प्रशिक्षण केंद्र और खेल क्लबों का इस्तेमाल किया जा सकता है।
कार्यक्रमों में खिलाड़ियों के साथ बच्चों, प्रशिक्षकों, खेल पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय समुदाय की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया है। सभी गतिविधियों को सुरक्षित माहौल में आयोजित करने के साथ उनकी फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सोशल मीडिया पर भी चलेगा अभियान
राष्ट्रीय खेल दिवस की गतिविधियों को संबंधित जिला इकाइयों के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और व्हाट्सऐप ग्रुपों के जरिए प्रचारित किया जाएगा। हॉकी झारखंड और हॉकी इंडिया के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल तथा निर्धारित हैशटैग का इस्तेमाल करने के लिए भी कहा गया है।
जिला इकाइयां National Sports Day Toolkit में उपलब्ध पोस्टर, बैनर और सोशल मीडिया क्रिएटिव का भी इस्तेमाल कर सकेंगी।
आयोजन के बाद देनी होगी रिपोर्ट
कार्यक्रम पूरा होने के बाद प्रत्येक जिला इकाई को आयोजन से संबंधित संक्षिप्त रिपोर्ट हॉकी झारखंड को उपलब्ध करानी होगी। रिपोर्ट में कार्यक्रम का विवरण, प्रतिभागियों की संख्या, फोटो और वीडियो शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं।
राष्ट्रीय खेल दिवस के जरिए झारखंड में खेल संस्कृति और फिटनेस को बढ़ावा देने के साथ ज्यादा से ज्यादा बच्चों और युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ के संदेश के साथ होने वाला यह अभियान राज्य में खेल और फिटनेस को लेकर जनभागीदारी बढ़ाने पर केंद्रित रहेगा।
ये भी पढ़ें: Maiya Samman Yojana का बड़ा अपडेट! इन महिलाओं के खाते में पहुंचे ₹2,500
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।









