रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस ने पूर्व मंत्री योगेंद्र साव के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तीन वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने 13 अक्टूबर 2026 को यह निर्णय लिया। पार्टी ने यह कार्रवाई अनुशासनहीनता और गठबंधन की मर्यादा के उल्लंघन के मामले में की है।
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बताया कि योगेंद्र साव द्वारा मीडिया के माध्यम से गठबंधन सरकार और मुख्यमंत्री के खिलाफ लगातार आपत्तिजनक, अपमानजनक तथा व्यक्तिगत टिप्पणियां की जा रही थीं। इस मामले में उन्हें 20 सितंबर 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।
पार्टी के मुताबिक, योगेंद्र साव के जवाब की समीक्षा, 26 सितंबर को हुई व्यक्तिगत सुनवाई और प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति की रिपोर्ट के आधार पर निष्कासन का फैसला लिया गया।
पहले भी हो चुकी थी कार्रवाई
राकेश सिन्हा के अनुसार, अनुशासन समिति ने अपनी रिपोर्ट में उल्लेख किया कि योगेंद्र साव को इससे पहले भी अनुशासनहीनता के कारण 20 मार्च 2026 को पार्टी से निष्कासित किया गया था। हालांकि, पार्टी अनुशासन का पालन करने का आश्वासन देने और खेद व्यक्त करने के बाद उन्हें 25 जून 2026 को फिर से बहाल कर दिया गया था।
प्रदेश कांग्रेस के अनुसार, बहाली के बाद भी आपत्तिजनक बयानबाजी और पार्टी के निर्देशों की अवहेलना जारी रहने के कारण यह कार्रवाई की गई है। अब योगेंद्र साव को तत्काल प्रभाव से तीन वर्षों के लिए कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया है।
यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








