Jharkhand News: झरिया विधायक रागिनी सिंह के धनबाद स्थित सिंह मेंशन आवास पर देर रात हुई बमबाजी की कायराना घटना के बाद पूरे इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद शुक्रवार सुबह से ही सिंह मेंशन में जनसैलाब उमड़ पड़ा। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, समर्थक और शुभचिंतक पहुंचकर पूर्व विधायक संजीव सिंह और विधायक रागिनी सिंह से मुलाकात करते दिखे और उनके प्रति एकजुटता व समर्थन प्रकट किया।
घटना की खबर फैलते ही झरिया सहित आसपास के क्षेत्रों से लोग सिंह मेंशन पहुंचने लगे। लोगों ने एक स्वर में इस हमले को लोकतंत्र और जनभावनाओं पर सीधा हमला बताया। क्षेत्रवासियों का कहना था कि इस तरह की हिंसक और डराने वाली घटनाओं से न तो जनप्रतिनिधियों का हौसला टूटेगा और न ही जनता का विश्वास डगमगाएगा। सिंह मेंशन परिसर “डर नहीं, संघर्ष करेंगे” जैसे नारों से गूंज उठा।
Jharkhand News: झरिया की धरती कभी डर के आगे नहीं झुकी
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना था कि यदि इस तरह की घटनाओं पर सख्त कदम नहीं उठाए गए तो अपराधियों के हौसले और बढ़ेंगे। कई सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की कड़ी निंदा की।
विधायक रागिनी सिंह और पूर्व विधायक संजीव सिंह ने लोगों के समर्थन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे जनता के विश्वास के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि झरिया की धरती कभी डर के आगे नहीं झुकी है और न ही झुकेगी। इस घटना के बाद क्षेत्र में यह साफ संदेश गया है कि झरिया की जनता एकजुट है और हिंसा के खिलाफ मजबूती से खड़ी है।












