Jharkhand News: चतरा में रफ्तार का कहर देखने को मिला है। जोरी थाना क्षेत्र स्थित संघरी घाटी में सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। तेज रफ्तार कंटेनर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इसके तुरंत बाद पीछे से आ रहे कई हाइवा और अन्य भारी वाहन अचानक हुए इस हादसे से बच नहीं पाए और आपस में टकरा गए।
Jharkhand News: कई वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त
बताया जा रहा है कि यह दुर्घटना घाटी के एक खतरनाक अंधे मोड़ पर हुई, जहां अचानक सामने आए पलटे कंटेनर को देखकर पीछे चल रहे वाहन चालक संतुलन नहीं बना सके। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।
दुर्घटना के बाद चतरा-गया मुख्य सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिससे बसों, एंबुलेंस और छोटे वाहनों में सफर कर रहे लोग घंटों फंसे रहे। सूचना मिलते ही जोरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने का प्रयास शुरू किया।
इधर, स्थानीय विधायक जनार्दन पासवान ने लगातार हो रहे हादसों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से इस घाटी में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।












