Jharkhand Police विभाग में अनुशासन, जवाबदेही और कार्यकुशलता बनाए रखने के लिए पुलिस मुख्यालय ने छुट्टी प्रक्रिया को लेकर बड़ा फैसला लिया है। नए आदेश के तहत अब विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की छुट्टी पहले से अधिक सख्त नियमों के तहत स्वीकृत होगी।
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, एडीजी, आईजी, डीआईजी, एसपी और कमांडेंट स्तर के अधिकारियों की छुट्टी मंजूर करने से पहले डीजीपी से अनिवार्य रूप से विमर्श किया जाएगा। बिना शीर्ष स्तर की सहमति अब छुट्टी प्रक्रिया पूरी नहीं मानी जाएगी।
आदेश में जिलों के एसपी और कमांडेंट को विशेष रूप से निर्देशित किया गया है कि यदि उनकी छुट्टी संबंधित नियंत्रण अधिकारी द्वारा स्वीकृत भी कर दी गई हो, तब भी छुट्टी पर जाने से पहले डीजीपी कार्यालय से अंतिम अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
पुलिस मुख्यालय ने साफ किया है कि इस आदेश का उद्देश्य विभाग में बेहतर प्रशासनिक नियंत्रण, जिम्मेदारी तय करना और कानून-व्यवस्था से जुड़े कार्यों में निरंतरता बनाए रखना है।
साथ ही आदेश में कहा गया है कि इस नई व्यवस्था का सभी स्तरों पर कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। आदेश के बाद पुलिस महकमे में छुट्टी प्रक्रिया को लेकर नई प्रशासनिक सख्ती देखने को मिलेगी।












