Jharkhand Politics: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद आदित्य साहू ने राज्य में फोरेंसिक डिटेक्टिव उपकरण में हुई करोड़ों की लूट पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने ने कहा कि हेमंत सरकार लूट और भ्रष्टाचार की सरकार बन गई है। राज्य सत्ता के संरक्षण में रोज घोटाले हो रहे।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि हेमंत सरकार एक दो नहीं बल्कि हजार हाथों से झारखंड को लूट रही, लुटवा रही है। जिस क्षेत्र में हाथ डालो, जिस विभाग में जाओ घोटाले ही घोटाले। लूट ही लूट। पंचायत से लेकर सचिवालय तक, मंत्री से लेकर मंत्रालय तक चौतरफा लूट मची है। बिना पैसे के कोई काम नहीं हो रहे।
कहा कि गरीब आदमी राज्य में पेंशन केलिए तरस रहा,विद्यार्थी किताब, ड्रेस,छात्रवृत्ति केलिए तरस रहे, मरीज दवाई केलिए तरस रहे और राज्य सरकार खजाना को लूटने में जुटी हुई है।
Jharkhand Politics: फॉरेंसिक डिटेक्टिव उपकरण की खरीद 229% अधिक कीमत पर कैसे
उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार में भ्रष्टाचार का मुंह सुरसा के मुंह से भी बड़ा हो गया है। जिसका परिणाम है राज्य में फॉरेंसिक डिटेक्टिव उपकरण की खरीद 229% अधिक कीमत पर हुई है। जिस मशीन को उसी कंपनी से दिल्ली की सरकार ने 19 लाख 9 हजार 424 रूपये में खरीदा है उसे झारखंड सरकार ने चार गुने कीमत पर 74 लाख 89 हजार रुपए में खरीदा है।
आदित्य साहू ने कहा कि ये भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा है, लूट खसोट की हद तक पहुंच गई है हेमंत सरकार। जिस राज्य में गरीबों को शुद्ध पीने का पानी नहीं मिल रहा हो, गरीबों को एंबुलेंस नहीं मिल रहा हो, वहां खजाने का बंदरबांट अक्षम्य अपराध है। झारखंड के शहीदों को अपमानित करने वाला है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री यदि बेदाग हैं तो इस खरीद की उच्च स्तरीय जांच अविलंब कराएं। उपकरण खरीद से संबंधित संचिका अविलंब जब्त की जाए तथा राज्य को लूटने वाले ऐसे भ्रष्ट पदाधिकारियों को सेवा से बर्खास्त करने की कड़ी कार्रवाई की जाए। ऐसे लोग राज्य को दीमक की तरह खोखला कर रहे।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








