Ranchi: झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर Congress और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के बीच उत्पन्न राजनीतिक तनाव को कम करने के प्रयास तेज हो गए हैं। इसी कड़ी में शनिवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करेगा। यह बैठक मुख्यमंत्री आवास में दोपहर तीन बजे प्रस्तावित है।
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू के नेतृत्व में पार्टी के पांच नेता मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में राज्यसभा चुनाव के लिए नियुक्त पर्यवेक्षक भूपेश बघेल, अजय शर्मा, कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा तथा झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश शामिल रहेंगे।
दरअसल, 4 जून को कांग्रेस ने राज्यसभा की दूसरी सीट के लिए अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी थी। बताया जा रहा है कि इस फैसले से पहले सहयोगी दल झामुमो को पर्याप्त जानकारी नहीं दी गई थी, जिसके कारण पार्टी के कई विधायक नाराज हो गए।
झामुमो विधायकों ने इस मुद्दे को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष उठाया। इसके बाद 5 जून को मुख्यमंत्री आवास में झामुमो विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें कांग्रेस के निर्णय पर असहमति जताई गई। बैठक में कुछ विधायकों ने राज्यसभा की दोनों सीटों पर झामुमो का उम्मीदवार उतारने की बात भी कही।
झामुमो की इस प्रतिक्रिया के बाद कांग्रेस खेमे में हलचल बढ़ गई और दोनों दलों के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास शुरू हुए। इसी क्रम में शनिवार को होने वाली बैठक को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस मुलाकात में गठबंधन के भीतर पैदा हुई नाराजगी को दूर करने, राज्यसभा चुनाव की रणनीति पर सहमति बनाने और महागठबंधन की एकजुटता बनाए रखने पर चर्चा हो सकती है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेताओं के बीच होने वाली वार्ता से मौजूदा राजनीतिक गतिरोध का कोई समाधान निकलता है या नहीं।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








