Jharkhand: रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र अंतर्गत तालाताड़ पंचायत के भुइयां टोला निवासी और रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) में कार्यरत कमल किशोर महतो का शव मंगलवार सुबह उनके घर के समीप पहाड़ी पर एक पेड़ से लटका मिला।
DRDO बेंगलुरु में तैनात थे कमल किशोर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कमल किशोर रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) बेंगलुरु में तैनात थे और 19 अप्रैल को ही छुट्टी लेकर अपने पैतृक गांव आए थे। परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले कुछ दिनों से गंभीर मानसिक तनाव और अनिद्रा (insomnia) की समस्या से जूझ रहे थे, जिसके चलते वे काफी परेशान रहते थे।
बताया जा रहा है कि कमल किशोर को डिप्रेशन की शिकायत थी जिसके कारण वह काफी परेशान चल रहे थे। सोमवार की रात करीब 11 बजे उन्हें आखिरी बार गांव में अकेले टहलते हुए देखा गया था। इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।







