Jharkhand Weather Update: रांची और आसपास के इलाकों में सोमवार से मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई के बीच मौसमी गतिविधियां बढ़ रही हैं। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार, 9 अक्टूबर तक राजधानी में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश, गर्जन और वज्रपात के आसार हैं।
दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है
रविवार को रांची में दिनभर धूप-छांव की स्थिति रही। शहर का अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री और न्यूनतम 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को घने बादल छाने और कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 48 घंटे में अधिकतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद तीन दिनों के दौरान दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। इससे गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
10 से 12 अक्टूबर के बीच झारखंड से मानसून की विदाई संभव
हालांकि, रात का न्यूनतम तापमान अगले पांच दिनों तक करीब 20 डिग्री के आसपास रह सकता है। 8 और 9 अक्टूबर को मौसम ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कई स्थानों पर वज्रपात हो सकता है।
मौसम केंद्र के विशेषज्ञ अभिषेक आनंद के अनुसार, 10 से 12 अक्टूबर के बीच झारखंड से मानसून की पूरी तरह वापसी की संभावना है। वज्रपात के दौरान लोगों को खुले स्थान और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.










