Jharkhand Weather Update: झारखंड में मानसून ने अब पूरी रफ्तार पकड़ ली है। पिछले दो दिनों से राज्य के अधिकांश जिलों में लगातार बारिश हो रही है और मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान जताया है। राजधानी रांची के ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा चतरा, कोडरमा, देवघर, धनबाद और जामताड़ा में रुक-रुक कर बारिश दर्ज की जा रही है।
Jharkhand Weather Update: 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग ने रांची, हजारीबाग, रामगढ़, लोहरदगा, चतरा, लातेहार, गुमला और खूंटी जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में भारी बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही ठनका गिरने की भी संभावना जताई गई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की अपील की गई है।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव और पश्चिम बंगाल व उत्तरी झारखंड के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण राज्य में लगातार बारिश हो रही है। उन्होंने किसानों से बारिश के पानी का अधिक से अधिक संरक्षण करने की सलाह दी, ताकि धान की रोपाई में लाभ मिल सके।
Jharkhand Weather Update: सामान्य से 37 प्रतिशत कम बारिश दर्ज
हालांकि मानसून सक्रिय होने के बावजूद राज्य में अब तक सामान्य से 37 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। 20 जुलाई तक 380.6 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन केवल 240.6 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग का अनुमान है कि 25 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कई स्थानों पर भारी बारिश जारी रह सकती है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









