Jharkhand News: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 28 नवंबर को राजधानी रांची स्थित मोरहाबादी मैदान में एक भव्य कार्यक्रम में नव-नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। यह आयोजन राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पहल “आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार” अभियान के तहत किया जा रहा है। कार्यक्रम को मुख्यमंत्री के दूसरे कार्यकाल के एक वर्ष पूरे होने और झारखंड स्थापना की रजत जयंती से जोड़ा गया है।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के हजारों पदों पर नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा सरकार परिसंपत्तियों का वितरण भी करेगी, जिससे लाभुकों को सीधा फायदा पहुंचेगा।
Read more- एयर इंडिया एक्सप्रेस पर भड़के मोहम्मद सिराज, सोशल मीडिया पर जताई नाराजगी
JPSC अनुशंसित 197 अभ्यर्थियों को भी मिलेगी नियुक्ति
कार्मिक, प्रशासनिक सुधार और राजभाषा विभाग ने सभी विभागों को कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए विस्तृत दिशानिर्देश भेजे हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रतियोगिता 2023 के माध्यम से JPSC द्वारा अनुशंसित 197 उम्मीदवारों को भी इस मंच से नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे।
विभागों ने इसके लिए अधिकारियों और सहायक कर्मियों की अलग-अलग टीमें गठित की हैं, जो काउंटरवार वितरण कार्य संभालेंगी।
चार काउंटर, अधिकारियों की तैनाती- सुबह 8 बजे तक पहुंचने का निर्देश
कार्यक्रम स्थल पर नियुक्ति पत्र वितरण के लिए चार काउंटर बनाए गए हैं। प्रत्येक काउंटर पर प्रभारी अधिकारी तैनात किए गए हैं। सभी पदाधिकारियों और कर्मचारियों को सुबह 8 बजे तक स्थल पर मौजूद रहने का निर्देश जारी किया गया है, ताकि कार्यक्रम समय पर शुरू हो सके।
रोजगार पर फोकस, युवाओं में भरोसा बढ़ाने की कोशिश
सरकार का मानना है कि बड़ी संख्या में नियुक्ति पत्र देने से न केवल युवाओं में विश्वास बढ़ेगा, बल्कि राज्य के प्रशासनिक ढांचे में भी नई ऊर्जा का संचार होगा। JPSC अनुशंसित अभ्यर्थियों की नियुक्ति से विभागों की क्षमता बढ़ेगी। मोरहाबादी मैदान में होने वाला यह विशाल आयोजन सरकार की रोजगार सृजन के प्रति गंभीरता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।











