JTET 2026: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को OMR शीट भरते समय विशेष सावधानी बरतनी होगी। परीक्षा के दौरान OMR शीट में किसी तरह की गड़बड़ी या अनुचित गतिविधि सामने आने पर अभ्यर्थी की उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है। एक नवंबर को आयोजित होने वाली इस परीक्षा के लिए दो पालियों में व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से लेकर परीक्षा समाप्त होने तक निर्धारित नियमों का पालन करना होगा।
दो पाली में होगी परीक्षा
पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। इसके लिए अभ्यर्थियों को सुबह 7:30 बजे से 9 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। वहीं, दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित होगी। दूसरी पाली के अभ्यर्थियों को दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक ही प्रवेश मिलेगा। इसके बाद परीक्षा केंद्र का मुख्य गेट बंद कर दिया जाएगा।
एडमिट कार्ट पर दर्ज सभी निर्देशों को करे पालन
परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों के पास एडमिट कार्ड की प्रिंटेड कॉपी और मूल वैध फोटो पहचान-पत्र होना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से पहले एडमिट कार्ड पर दर्ज सभी निर्देशों को ध्यान से पढ़ लें। साथ ही, प्रवेश-पत्र में भाषा, विषय और श्रेणी से संबंधित विवरणों की भी जांच कर लें। परीक्षा के दौरान इन विवरणों में बदलाव की अनुमति नहीं होगी। केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ उपकरण, ईयरफोन, किताबें और नोट्स ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। अभ्यर्थियों को इन नियमों का पालन करना होगा। किसी भी तरह की अनुचित गतिविधि या नियमों के उल्लंघन की स्थिति में निर्धारित कार्रवाई की जा सकती है।
परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थी नहीं जा सकते बाहर
ओएमआर शीट भरते समय अभ्यर्थियों को उस पर दर्ज निर्देशों का सावधानीपूर्वक पालन करना होगा। यदि किसी अभ्यर्थी को दूसरे अभ्यर्थी की ओएमआर शीट मिलने या परीक्षा के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी का पता चलता है, तो उसे तुरंत परीक्षा निरीक्षक (इन्विजिलेटर) को इसकी जानकारी देनी चाहिए। वहीं परीक्षा समाप्त होने के बाद भी अभ्यर्थी तुरंत परीक्षा कक्ष से बाहर नहीं जा सकेंगे। उन्हें ओएमआर शीट की गिनती और अन्य जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होने तक इंतजार करना होगा। परीक्षा निरीक्षक की अनुमति मिलने के बाद ही कक्ष से बाहर निकलने की अनुमति दी जाएगी।
यह भी पढे़ : RIMS Ranchi: रिम्स में 171 नए पदों पर होगी नियुक्ति! ICU और ऑपरेशन थिएटर में बढ़ेगी कर्मचारियों की संख्या, जानिए कब शुरू होगी भर्ती

न्यूज डेस्क राइटर, खबर मन्त्र। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल जगत और वायरल समसामयिक विषयों पर त्वरित और सटीक समाचार संपादन।









