कोडरमा: जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत रांची-पटना मुख्य मार्ग पर स्थित कोडरमा घाटी के मेघातरी इलाके में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से गिट्टी से लदे ट्रक ने तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि गिट्टी लदे ट्रक के चालक और उपचालक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले दोनों लोगों की पहचान बिहार के नवादा जिले के रहने वाले 24 वर्षीय छोटू कुमार और 43 वर्षीय साधु यादव के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
तेज धमाके की आवाज सुनकर पहुंचे लोग
घटनास्थल के पास होटल चलाने वाले अमरदीप गिरी ने बताया कि रात करीब 10 बजे अचानक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर होटल में मौजूद लोग बाहर पहुंचे तो देखा कि गिट्टी से भरा ट्रक सड़क किनारे खड़े दूसरे ट्रक से टकरा चुका था।
केबिन में फंसे मिले चालक और उपचालक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गिट्टी लदे ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक और उपचालक केबिन के अंदर ही बुरी तरह फंस गए थे और उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
स्थानीय लोगों का अनुमान है कि ट्रक का ब्रेक फेल होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके चलते यह हादसा हुआ। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा थाना की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को क्षतिग्रस्त केबिन से बाहर निकाला गया। इसके बाद एंबुलेंस के माध्यम से शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, कोडरमा भेजा गया।
पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। सूचना मिलने के बाद परिजन भी सदर अस्पताल पहुंच गए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
वरिष्ठ पत्रकार एवं राजनीतिक विश्लेषक। झारखंड, बिहार और राष्ट्रीय राजनीति, शिक्षा, प्रशासनिक मामलों और विकास नीतियों पर 10+ वर्षों का जमीनी पत्रकारिता अनुभव। निष्पक्ष और प्रमाणिक समाचार रिपोर्टिंग के लिए समर्पित।








