Koderma: झारखंड के कोडरमा में जमीनी विवाद को लेकर विधायक डॉ. नीरा यादव के निजी चालक राजकुमार यादव की बेरहमी से की गई हत्या के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। इस घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने गुरुवार को कोडरमा थाना के ठीक सामने मुख्य सड़क को करीब दो घंटे तक जाम रखा।
सड़क जाम होने की वजह से मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शन कर रहे लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और लापरवाह पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि हत्या में शामिल हर एक दोषी को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा दिया जाए। यूपी की तर्ज पर दोषियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग भी उठी। साथ ही मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों पर सख्त एक्शन लिया जाए।
Read More: Ranchi Crime News: रातू में युवक की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार
Koderma थाना प्रभारी विकास पासवान पर लगे गंभीर आरोप
प्रदर्शन के दौरान मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि: “इस जमीनी विवाद को लेकर पूर्व में भी पुलिस को लिखित शिकायतें दी गई थीं। अगर कोडरमा पुलिस ने समय रहते उन शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई की होती, तो आज राजकुमार यादव की जान नहीं जाती।”
प्रशासनिक आश्वासन के बाद खुला जाम, 4 आरोपी गिरफ्तार
हंगामे की सूचना मिलते ही एसडीओ निर्मल सोरेन और डीएसपी अरविंद कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में अब तक चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। फरार चल रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वरीय अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होगी। यदि थाना स्तर पर किसी भी अधिकारी की लापरवाही सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों से मिले ठोस आश्वासन और निष्पक्ष जांच के वादे के बाद ग्रामीणों ने करीब दो घंटे बाद सड़क जाम को समाप्त किया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।










