Giridih(बिरनी): बिरनी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। पूर्णनगर निवासी नंदकिशोर माली को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
मिली जानकारी के अनुसार नंदकिशोर माली रोज की तरह कोड़ाडीह से मजदूरी कर अपने घर पूर्णनगर लौट रहे थे। इसी दौरान बिरनी थाना और परसन ओपी के बॉर्डर के पास पहले से घात लगाए अज्ञात अपराधि ने उन पर हमला कर दिया। बदमाशों ने अचानक दो राउंड फायरिंग कर दी, जिसमें एक गोली उन्हें लग गई और वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और घायल को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद गोली मारने वाला अज्ञात अपराधी मौके से फरार हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी हरकत में आ गई और घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी।
घटनास्थल से गोली का खोखा बरामद
जिसके बाद पुलिस को गुरुवार घटनास्थल से गोली का खोखा बरामद हुआ है। खोखा मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच और तेज कर दी है। इस घटना को लेकर आसपास के इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलने के बाद बिरनी पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल की बारीकी से जांच की। इसी दौरान पुलिस को जमीन पर पड़ा गोली का खोखा मिला। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि घटना स्थल बिरनी थाना और परसन ओपी के बॉर्डर के पास स्थित है।
बिरनी थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज ने बताया कि जांच के दौरान घटनास्थल से गोली का खोखा बरामद किया गया है। उन्होंने कहा कि यह घटना परसन ओपी क्षेत्र में हुई प्रतीत होती है, इसलिए बरामद खोखा परसन ओपी पुलिस को सौंप दिया गया है, ताकि मामले की आगे की जांच की जा सके।
इधर, परसन ओपी प्रभारी सुनील कुमार भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा अज्ञात अपराधियों की पहचान करने में जुट गई है।
पुलिस का कहना है कि गोली चलाने वाले अपराधियों की तलाश जारी है और मामले को गंभीरता से लिया गया है। आसपास के क्षेत्रों में भी छानबीन की जा रही है ताकि जल्द से जल्द अपराधियों तक पहुंचा जा सके। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच दहशत का माहौल बना हुआ है।












