Laughter Chefs Grand Finale : कलर्स टीवी का चर्चित कुकिंग रियलिटी शो लाफ्टर शेफ्स सीजन 2 27 जुलाई 2025 को अपने शानदार फिनाले के साथ समाप्त हो गया। इस मनोरंजन और कुकिंग से भरपूर सीजन का खिताब पॉपुलर एक्टर करण कुंद्रा और यूट्यूबर एल्विश यादव की जोड़ी ने जीत लिया।
छह महीनों तक चले इस शो में दर्शकों को कॉमेडी, क्रिएटिविटी और स्वादिष्ट व्यंजन का परफेक्ट मिश्रण देखने को मिला। शो को हमेशा की तरह होस्ट किया भारती सिंह ने, और जज की भूमिका में नजर आए सेलिब्रिटी शेफ हरपाल सिंह सोखी।
ग्रैंड फिनाले का रोमांच
फिनाले एपिसोड में प्रतियोगियों को ‘सीजन की आखिरी डिश’ के रूप में एक मिठाई बनाने का टास्क दिया गया। हर जोड़ी ने बेहतरीन प्रस्तुति दी, लेकिन करण और एल्विश की बनाई मिठाई ने शेफ हरपाल और दर्शकों का दिल जीत लिया। लाइव ऑडियंस की वोटिंग और पूरे सीजन के स्टार्स की काउंटिंग के बाद, उन्हें 51 स्टार्स के साथ विजेता घोषित किया गया।
वहीं रीम शेख और एली गोनी की जोड़ी ने 38 स्टार्स हासिल कर पहला रनर-अप स्थान हासिल किया।
खास मेहमान और मजेदार टास्क
फिनाले में शो ‘पति, पत्नी और पंगा’ की होस्ट सोनाली बेंद्रे और कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी ने भी शिरकत की। शेफ हरपाल ने इन दोनों से बूंदी के लड्डू बनाने का टास्क कराया, जिसमें सोनाली विजेता रहीं।
शो से जुड़ी खास बातें
- लाफ्टर शेफ्स सीजन 1 का प्रीमियर 1 जून 2024 को हुआ था, और 4 अक्टूबर 2024 को खत्म हुआ।
- सीजन 1 के विजेता एली गोनी और राहुल वैद्य थे।
- लाफ्टर शेफ्स 2 का प्रसारण 25 जनवरी 2025 से शुरू हुआ था।
- इस बार प्रतियोगियों में कृष्णा अभिषेक-कश्मीरा शाह, अंकिता लोखंडे-विक्की जैन, रुबीना दिलैक-राहुल वैद्य, अभिषेक कुमार-समर्थ जुरेल, निया शर्मा-सुदेश लहरी और अन्य चर्चित चेहरे शामिल थे।
- दोनों सीजन में होस्ट रहीं भारती सिंह ने अपनी कॉमिक टाइमिंग से शो को खास बनाया।













