Koderma: झारखंड में मानसून की शुरुआत के साथ ही वज्रपात की घटनाएं चिंता का कारण बनती जा रही हैं। शनिवार को कोडरमा और गिरिडीह जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि चार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार, कोडरमा-गिरिडीह सीमा स्थित घोसकेडीह गांव में 10 वर्षीय अभिनित कुमार उर्फ विशाल कुमार अपने दोस्त सतीश यादव के साथ स्कूल से लौटने के बाद जामुन खाने गया था। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और वज्रपात की चपेट में आने से अभिनित की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसका दोस्त सतीश घायल हो गया।
गिरिडीह में खेत में काम कर रही चार महिलाएं वज्रपात की चपेट में
दूसरी ओर, गिरिडीह के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गुरो गांव में खेत और खुले क्षेत्र में काम कर रही चार महिलाएं वज्रपात की चपेट में आ गईं। इनमें तीन महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
मौसम विभाग पहले ही राज्य में गर्जन और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी कर चुका है। विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और ऊंचे स्थानों से दूरी बनाकर रखना जरूरी है। यह घटना एक बार फिर लोगों को मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लेने का संदेश देती है।










