निरसा, मैथन: निरसा के विधायक अरूप चटर्जी ने शुक्रवार शाम को भाकपा माले कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान कई विकास योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मैथन पावर लिमिटेड (एमपीएल) बहुत जल्द अपनी सेकंड यूनिट शुरू करने जा रहा है, जिससे 1600 मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा।
विधायक चटर्जी ने बताया कि इस परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की कोई समस्या नहीं है और सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं क्षेत्र में पहले से ही मौजूद हैं। सड़क और रेलवे संपर्क के साथ-साथ अन्य अधोसंरचना भी परियोजना के लिए अनुकूल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस यूनिट के चालू होने से क्षेत्र के लगभग 8,000 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा।
विधायक ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में टाटा पावर के प्रबंध निदेशक प्रवीण सिंहा को पत्र लिखा है और उनसे बातचीत भी हुई है। सिंहा ने भरोसा दिलाया है कि एक सर्वे टीम शीघ्र ही क्षेत्र का दौरा करेगी और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। झारखंड सरकार भी इस परियोजना के विस्तार में हर संभव सहयोग करेगी।
प्रदूषण नियंत्रण में भी होगा सुधार
विधायक चटर्जी ने कहा कि एमपीएल प्रबंधन नई तकनीक के जरिए प्रदूषण नियंत्रण पर भी काम करेगा, जिससे स्थानीय निवासियों को स्वास्थ्य लाभ भी मिलेगा।
निरसा-जामताड़ा रोड बनेगा फोरलेन
उन्होंने यह भी घोषणा की कि निरसा-जामताड़ा मार्ग को फोरलेन में तब्दील किया जाएगा। एमपीएल के पूर्ण रूप से कार्यरत होने पर 2650 मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा, जिससे कोयले की मांग बढ़ेगी और हाईवा मालिकों को भी सीधा लाभ मिलेगा। फोरलेन बनने से संथाल परगना की दूरी घटेगी और जाम की समस्या से भी राहत मिलेगी।
मैथन में 200 करोड़ की लागत से बनेगा इको पार्क
विधायक ने बताया कि मैथन हॉस्टल के पास 200 करोड़ रुपये की लागत से इको पार्क का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ-साथ पंचेत डैम में वॉटर स्पोर्ट्स सेंटर, होटल और रेस्टोरेंट भी बनेंगे। इन परियोजनाओं से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग ग्रामीणों को भड़काने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि 95% ग्रामीण इको पार्क निर्माण के पक्ष में हैं।
एग्यारकुंड और कलियासोल में खुलेंगे बालिका आवासीय विद्यालय
प्रेसवार्ता के दौरान विधायक ने बताया कि एग्यारकुंड और कलियासोल प्रखंडों में झारखंड बालिका आवासीय विद्यालयों का निर्माण जल्द शुरू किया जाएगा। इन विद्यालयों से बालिकाओं की शिक्षा में सुधार होगा और उन्हें सुरक्षित आवासीय सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर अमल मिश्रा, राम मोदी, विश्वनाथ रविदास, साहेब लाल हेंब्रम, ज्योत्सना तिवारी, मनोज सिंह, दिलीप हेंब्रम, राजू लोहार, विधुसूदन मोदी, रोशन मिश्रा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।













